• Tue. Oct 6th, 2026

हरियाणा में पिछले दस वर्षों में निर्मित हुए स्कूलों में लगाए जाएंगे सोलर सिस्टम ,शिक्षा मंत्री ने किया एलान

हरियाणा की शिक्षा मंत्री श्रीमती सीमा त्रिखा ने कहा कि पिछले दस वर्षों में निर्मित हुए स्कूलों में सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे। इससे स्कूलों का बिजली का खर्च कम होगा और वातावरण को स्वच्छ रखने में सहायता मिलेगी।

मंत्री त्रिखा आज कुरुक्षेत्र में शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अध्यापकों, कमेटी पदाधिकारियों, अभिभावकों और छात्रों को सम्बोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि स्कूल मैनेजमेंट कमेटियां अगर चाहें तो शिक्षा विभाग की सपोर्ट कर विद्यार्थियों के जीवन और शिक्षा क्षेत्र का कायाकल्प कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार से कम है, उन्हें फीस में राहत देने के साथ – साथ अन्य सुविधाए भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश के स्कूलों में सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को मज़बूत किया जाएगा और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए गुणवत्तापरक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में 14 हज़ार से अधिक स्कूल हैं। सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर श्रीमती त्रिखा ने स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों के पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया और सुझाव आमंत्रित किए। शिक्षा विभाग द्वारा प्रकाशित होने वाले मासिक बुकलेट में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रमुखता से छापा जाएगा।

इससे पहले उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई शिक्षण सहायक सामग्री प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों और अध्यापकों से शिक्षा में नवाचार अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया और उनके द्वारा निर्मित सामग्री की भूरी भूरी प्रशंसा की।

इस अवसर पर कुरुक्षेत्र नगराधीश डॉ. रमन गुप्ता और हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। आगामी दिनों में प्रदेश भर के सभी जिलों में जिला स्तरीय स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों के साथ विशेष प्रशिक्षण एवं कांफ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *