• Wed. Oct 7th, 2026

इंस्टाग्राम कमेंट विवाद: सोनीपत में किशोरों की लड़ाई में मां पर हमला, कार के बोनट पर घसीटा

Byalakhharyana@123

Mar 11, 2025 #sonipat
Instagram comment dispute: Mother attacked, dragged on car bonnet in Sonipat after fighting teensInstagram comment dispute: Mother attacked, dragged on car bonnet in Sonipat after fighting teens

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में एक इंस्टाग्राम कमेंट से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दो किशोरों के बीच झगड़ा मारपीट तक पहुंच गया। मामला तब और गंभीर हो गया जब एक किशोर की विधवा मां अपने बेटे को बचाने पहुंची, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाया गया कि हमलावरों ने महिला को कार के बोनट पर गिराकर करीब एक किलोमीटर तक तेज रफ्तार में दौड़ाया। इस घटना को लेकर पुलिस की निष्क्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित महिला ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

सोनीपत के सेक्टर-15 निवासी पूजा के अनुसार, उनका बेटा 10वीं कक्षा का छात्र है और उसका मॉडल टाउन निवासी एक युवक से इंस्टाग्राम पर विवाद हो गया था। दोनों एक-दूसरे को फॉलो करते थे, लेकिन एक कमेंट को लेकर बहस इतनी बढ़ गई कि गाली-गलौज और धमकियां मिलने लगीं।

मामला तब बढ़ गया जब महिला के बड़े बेटे (12वीं कक्षा का छात्र) ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की। लेकिन दूसरे पक्ष ने उसे मॉडल टाउन बुलाकर पीट दिया। इस घटना के बाद रात करीब 1:30 बजे युवक के पिता ने फोन कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।

किशोर पर हमला और मां पर जानलेवा हमला

इसके बाद जब पीड़िता का बेटा डीएवी स्कूल के पास अपने दोस्त का इंतजार कर रहा था, तभी हमलावर कार में वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। जब किशोर ने अपनी मां को फोन कर बुलाया, तो महिला अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने हमलावरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने कार से टक्कर मारकर महिला को बोनट पर गिरा दिया और करीब एक किलोमीटर तक कार के बोनट पर घसीटते रहे।

जब कार थोड़ी धीमी हुई तो महिला ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद भी हमलावरों ने उसके बेटे पर फिर हमला कर दिया। मामला सिविल अस्पताल तक जा पहुंचा, जहां हमलावरों ने दोबारा धमकी दी।

पुलिस पर लगे मामले को दबाने के आरोप

पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कई बार डायल 112 पर कॉल किया, लेकिन कोई पुलिसकर्मी नहीं आया। बाद में पुलिस ने उल्टा पीड़ितों को ही थाने आने का दबाव बनाया, जबकि घायल बेटा अस्पताल में भर्ती था। महिला ने पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है।

महिला के पति का दो महीने पहले हुआ था निधन

पूजा ने बताया कि उनके पति बिजेंद्र की दो महीने पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उनके लिए यह समय पहले से ही कठिन था और अब यह घटना उनके परिवार के लिए और मुश्किलें लेकर आई है।

सोशल मीडिया पर उठी न्याय की मांग

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

#Sonipat #InstagramCommentFight #CrimeNews #SocialMediaViolence #HaryanaNews #JusticeForVictim

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *