Sonipat में शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक बुजुर्ग महिला का शव उसके घर के बाथरूम में संदिग्ध हालत में मिला। महिला के हाथ-पैर चुन्नी से बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। पुलिस ने मामले में हत्या और लूट दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है।
अकेली रहती थी 65 वर्षीय महिला
मृतका की पहचान 65 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है, जो जटवाड़ा इलाके में स्थित सरकारी स्कूल के सामने वाली गली में अकेली रहती थीं। उनके पति की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी, हालांकि उन्होंने एक बेटी को गोद लिया था, जिसकी बाद में शादी हो चुकी है।
पड़ोसियों ने दी सूचना
पड़ोसियों के अनुसार, महिला काफी समय से घर से बाहर नहीं दिखाई दी थी। जब लोग उनका हाल जानने घर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर बाथरूम में महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला।
मुंह में कपड़ा, हाथ-पैर बंधे मिले
घटनास्थल पर महिला के दोनों हाथ और पैर चुन्नी से बंधे हुए थे। मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित वारदात माना है।
घर का गेट खुला, एसी चालू मिला
पुलिस जांच में सामने आया है कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और कमरे में एसी भी चालू स्थिति में मिला। महिला का मोबाइल फोन और अन्य सामान भी घर में ही मौजूद था, जिससे लूट की स्थिति पर भी सवाल उठ रहे हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात के समय कौन घर में आया या गया।
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
डीसीपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि महिला अकेली रहती थी और शव संदिग्ध हालत में मिला है। पुलिस इस मामले को हत्या और लूट दोनों एंगल से जांच रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।