रोहतक, 4 सितंबर। राजस्थान के भीलवाड़ा में आयोजित नॉर्थ जोन बैडमिंटन प्रतियोगिता में हरियाणा के शटलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन बड़े पदक अपने नाम किए। हरियाणा की महिला टीम और अंडर-19 लड़कों की टीम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि पुरुष टीम ने रजत पदक हासिल किया।
हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन (HBA) के महासचिव अजय सिंघानिया ने बताया कि महिला टीम ने फाइनल मुकाबले में मेजबान राजस्थान को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा की ओर से जिया रावत, मेधावी नागर, बारुनी पाशवाल, गरिमा कुंडू, तनु मलिक और शिवानी संतोष सिंह समेत खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मुकाबलों में बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम ने खिताब अपने नाम किया।
पुरुष टीम को दिल्ली से मिली हार, सिल्वर से करना पड़ा संतोष
पुरुष वर्ग के फाइनल में हरियाणा का सामना दिल्ली से हुआ। कड़े मुकाबले में हरियाणा को 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा की ओर से मनराज सिंह ने अपने मुकाबले में जीत दर्ज की, जबकि दिल्ली ने अन्य मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। हरियाणा की पुरुष टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
अंडर-19 टीम ने पंजाब को हराकर जीता गोल्ड
अंडर-19 लड़कों की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पंजाब को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पहले सिंगल्स मुकाबले में हरियाणा के वेदांत पाहवा ने जगशेर सिंह को 11-15, 21-20, 15-11 से हराकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद पहले डबल्स में यशवीर राठी और चैतन्य सहरावत की जोड़ी को जगशेर सिंह और दिव्यम सचदेवा की जोड़ी के हाथों 11-15, 10-15 से हार मिली।
निर्णायक दूसरे सिंगल्स में स्पर्श सूद ने वीरेंद्र सेठ को रोमांचक मुकाबले में 15-13, 15-17, 15-13 से मात दी। इस जीत के साथ हरियाणा ने मुकाबला 2-1 से अपने नाम करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।
हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रधान देवेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त आईएएस) और महासचिव अजय सिंघानिया ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक ही प्रतियोगिता में महिला और अंडर-19 टीम का स्वर्ण तथा पुरुष टीम का रजत पदक जीतना हरियाणा में बैडमिंटन के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का प्रमाण है।
#HaryanaBadminton #Badminton #HaryanaSports #NorthZoneBadminton #RohtakNews #Bhilwara #BadmintonChampionship #HaryanaPlayers #SportsNews #U19Badminton
