रोहतक में कांग्रेस ऑफिस के बाहर स्कॉर्पियो में युवक का शव मिला, पास में लाइसेंसी पिस्टल
रोहतक: हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस कार्यालय के सामने एक स्कॉर्पियो गाड़ी में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जनता कॉलोनी निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। वह ठेकेदारी का काम करता था। उसकी पत्नी पूर्व में भाजपा से पार्षद रह चुकी हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्कॉर्पियो से एक लाइसेंसी 32 बोर की पिस्टल भी बरामद हुई है। FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और ब्लड सैंपल भी लिए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में सुसाइड की बात
आर्यनगर थाना के SHO सुशील के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, प्रदीप शराब के नशे में था और कांग्रेस ऑफिस के पास सड़क पर उसकी स्कॉर्पियो खड़ी थी।
SHO के मुताबिक, कांग्रेस कार्यालय पहुंचने से पहले प्रदीप की गाड़ी की 2-3 अन्य वाहनों से टक्कर हुई थी। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसे ड्राइविंग सीट के पास बैठाकर गाड़ी को सड़क से साइड में कराया था।
पुलिस का कहना है कि टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही प्रदीप ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। मौके से 32 बोर की पिस्टल बरामद की गई है।
पिता ने जताई हत्या की आशंका
वहीं, मृतक के पिता देवेंद्र ने बेटे की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि परिवार के 8-10 लोग उन्हें और उनके बेटे को परेशान कर रहे थे और करीब 10 दिन पहले घर आकर धमकी भी दी थी।
देवेंद्र ने आरोप लगाया कि 32 करोड़ रुपए के चेक बाउंस से जुड़े विवाद के कारण परिवार पर दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपित उन्हें, उनके पोते और पोती को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
हालांकि, ये आरोप मृतक के पिता की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और अन्य आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ठेकेदारी का काम करता था प्रदीप
परिजनों के मुताबिक, प्रदीप ठेकेदारी का काम करता था और कई साल पहले मध्य प्रदेश से रोहतक आकर रहने लगा था। उसकी पत्नी पिछली योजना में भाजपा की पार्षद रह चुकी हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की स्थिति की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। FSL रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
