नारनौल में पूर्व मंत्री की चलती कार में लगी आग, धुआं उठते ही कार से कूदे
नारनौल: हरियाणा के नारनौल में गुरुवार शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब पूर्व मंत्री कैलाशचंद्र शर्मा की चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त कैलाश शर्मा खुद कार चला रहे थे। गाड़ी से धुआं निकलता देख उन्होंने तुरंत कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, कैलाश शर्मा शाम करीब 7 बजे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से शिव विहार स्थित अपने घर से निकले थे। जैसे ही वे सेक्टर-1 इलाके में पहुंचे, कार से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं।
स्थिति को भांपते हुए कैलाश शर्मा तुरंत कार से बाहर निकल गए। कुछ ही देर में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कार जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया।
पूर्व मंत्री के बेटे विकास शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता कार से अकेले निकले थे। धुआं दिखाई देने के बाद उन्होंने समय रहते कार से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित कर लिया।
फिलहाल कार में आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
#NarnaulNews #HaryanaNews #CarFire #BreakingNews #KailashSharma
