• Tue. Oct 6th, 2026

झज्जर में लिव-इन कपल मर्डर केस का खुलासा: दोस्त की पार्टनर पर थी गलत नजर, विरोध बना हत्या की वजह; नहर में फेंके शव

झज्जर में लिव-इन कपल मर्डर केस का खुलासा: दोस्त की पार्टनर पर थी गलत नजर, विरोध बना हत्या की वजह; नहर में फेंके शवझज्जर में लिव-इन कपल मर्डर केस का खुलासा: दोस्त की पार्टनर पर थी गलत नजर, विरोध बना हत्या की वजह; नहर में फेंके शव

झज्जर में लिव-इन कपल की हत्या का खुलासा: दोस्त की पार्टनर पर थी गलत नजर, विरोध करने पर सिर कुचला; नहर में फेंके शव
झज्जर/रोहतक। हरियाणा के झज्जर जिले में नहर से मिले लिव-इन कपल के शवों के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक संदीप के दो दोस्तों नितेश उर्फ मोडिस और नितेश उर्फ बच्चा पर हत्या का आरोप है। दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की संदीप की लिव-इन पार्टनर कविता पर गलत नजर थी। इसको लेकर संदीप का दोनों से विवाद भी हुआ था। पुलिस जांच में यह बात सामने आने के बाद हत्या की वजह को इसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
आरोप है कि दोनों ने संदीप और कविता के सिर पर ईंट से वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों के शवों को झज्जर क्षेत्र की NCR नहर में फेंक दिया गया। पुलिस अब दोनों नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है।

30 सितंबर को मां से हुई थी संदीप की आखिरी बात
मृतक संदीप के भाई राकेश सिंह के अनुसार, संदीप पहले रोहतक के हसनगढ़ में परचून की दुकान चलाता था। करीब तीन महीने पहले उसने दुकान बंद कर दी थी। इसके बाद वह कविता के साथ दिल्ली के नेब सराय इलाके में रहने लगा था।
हालांकि, उसका हसनगढ़ आना-जाना जारी था। 26 सितंबर को संदीप कविता के साथ कार से हसनगढ़ आया था।
राकेश के मुताबिक, 30 सितंबर को संदीप की अपनी मां से फोन पर आखिरी बार बात हुई थी। उस समय उसने बताया था कि वह कविता और नितेश उर्फ मोडिस व नितेश उर्फ बच्चा के साथ है। उसने एक-दो दिन में वापस घर आने की बात कही थी।
इसके बाद संदीप का मोबाइल बंद हो गया और परिवार से संपर्क टूट गया।

4 अक्टूबर को नहर में मिले दोनों के शव
कई दिनों तक संदीप से संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में हसनगढ़ पहुंचे। इसी दौरान उन्हें आसौदा के पास नहर में एक युवक और महिला के शव मिलने की सूचना मिली।
परिजन पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने उन्हें शवों के फोटो दिखाए, जिसके बाद संदीप के भाई राकेश ने दोनों की पहचान संदीप और कविता के रूप में की।
परिजनों का आरोप है कि दोनों की हत्या करने के बाद शवों को नहर में फेंका गया। इसके साथ ही संदीप की कार भी गायब थी।
जमीन बेचने से मिले 30 लाख रुपए भी जांच के दायरे में
इस मामले में पैसों के विवाद की आशंका भी सामने आई है। परिवार के मुताबिक, संदीप ने जसौर खेड़ी गांव में अपनी जमीन बेची थी। जमीन बेचने से उसे 30 लाख रुपए से ज्यादा मिले थे, जो उसके बैंक खाते में जमा थे।
परिजनों के मुताबिक, संदीप बैंक पासबुक और डेबिट कार्ड अपने पास रखता था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे पैसों का कोई विवाद था या नहीं।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी हत्या के पीछे किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दोनों पहले से शादीशुदा थे
मृतक संदीप की पहले शादी हो चुकी थी। उसके दो बच्चे हैं। परिवार के अनुसार, 2012 में उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद उसके खिलाफ दहेज हत्या का मामला भी दर्ज हुआ था। संदीप इस मामले में जेल गया था और 2024 में उसे जमानत मिली थी। बाद में वह बरी हो गया था।वहीं कविता भी पहले से शादीशुदा थी और उसके भी दो बच्चे बताए जा रहे हैं।
करीब आठ महीने पहले संदीप और कविता की मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। पहले हसनगढ़ में रहे और बाद में दिल्ली के नेब सराय इलाके में रहने लगे।

पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में
मामले में सांपला थाना पुलिस ने हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मोडिस और नितेश उर्फ बच्चा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
सांपला के डीएसपी राकेश मलिक के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हत्या की वजह, घटनाक्रम और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

झज्जर मर्डर केस, Jhajjar Murder Case, झज्जर लिव इन कपल मर्डर, संदीप कविता मर्डर, Haryana Crime News, Rohtak Crime News, Jhajjar News, Live In Couple Murder, Haryana Murder News, CIA 2 Jhajjar, NCR Canal Murder, Hasangarh Murder Case

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *