बाढडा, शिव कुमार योगी (बाढड़ा) alakh haryana news : विधानसभा सत्र में चर्चा के दौरान इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला को सदन से निष्कासित करने पर इनेलो दादरी इकाई ने सरकार पर दबाव की राजनीति अपनाने का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या बताया। उन्होंने केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा पहले किसानों, बेरोजगारों के हितों से खिलवाड़ करने व जनप्रतिनिधि द्वारा आवाज उठाने पर उनको निष्कासित करना जनता के हितों से खिलवाड़ बताते हुए 24 फरवरी से पदयात्रा में सारे हालात से अवगत करवाने की घोषणा की।
इनेलो जिलाध्यक्ष विजय पंचगावां ने ग्रामीण दौरे के दौरान कहा कि सरकार अब किसान, नौजवान, कर्मचारी व व्यापारी वर्ग के हितों को भुलाकर आज सदन में विधायकों व बाहर कर्मचारियों व पंच सरपंचों पर लनाठीचार्ज कर उनका शोषण कर रही है। विधायक अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश में परिवार पहचान पत्र, ई टेडरिंग की नीति व कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाली व भ्रष्टाचार के मुद्दे उठा रहे थे लेकिन सरकार ने जवाब देने की बजाए उनको सदन से बाहर कर करोड़ों मतदाताओं की भावना से खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी दूर करने के नाम पर सरकार केवल झूठे सपने दिखा रही है। योग्य पात्रों को जानबूझ कर अयोग्य ठहराया जा रहा है जो न्यायसंगत नहीं है।
परिवार पहचान पत्र के नाम पर पात्र लोगों के हितों से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में इनेलो आगामी 24 फरवरी से नुह से 25 सितंबर तक कुरुक्षेत्र तक परिवर्तन पदयात्रा निकालेगी। यात्रा को तीन चरणों में अलग अलग सभी नब्बे विधानसभा क्षेत्रों से निकाला जाएगा। यह यात्रा प्रदेश में जनता को उनके अधिकारों के लिए जागरुक करते हुए झूठे वायदे करने वाली सरकार को आईना दिखाने का काम करेगी।
खेल रत्न अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में यह राज्यव्यापी पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके तहत राज्य के सभी 6745 गांवों वाले तीन चरणों में 30-30 विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाल कर पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के 110 वीं जयंती पर 25 सितंबर को कुरुक्षेत्रा की पावन धरा पर राज्यस्तर की परिवर्तन शंखनाद महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा में समय समय पर पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला भी पहुंचकर कार्यकर्ताओं में उत्सावर्धन करेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की उपेक्षा, महंगाई व बेरोजगारी आज देश की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है लेकिन सरकार अलग अलग तरह के आयोजन कर जनता का ध्यान भटका रही है।