रेवाड़ी की Indira Gandhi University Meerpur (IGU) में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो छात्रों ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने यूनिवर्सिटी परिसर में घुसकर उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।
घटना के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में भारी तनाव का माहौल बन गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया और मामले में जांच का भरोसा दिया।
SHO समेत 7 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
छात्र नेताओं युद्धिष्ठर और विनीत ने आरोप लगाया कि धारूहेड़ा थाना के SHO कश्मीर सिंह बिना यूनिवर्सिटी प्रशासन की अनुमति के 6 पुलिसकर्मियों के साथ कैंपस में पहुंचे। विरोध करने पर छात्रों के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई।
छात्रों ने SHO समेत कुल 7 पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस का पक्ष
धारूहेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, यूनिवर्सिटी के एक छात्र ने ई-मेल और फोन के जरिए शिकायत दी थी कि कुछ छात्र उसे धमकी दे रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। इसी शिकायत की जांच के लिए पुलिस टीम यूनिवर्सिटी पहुंची थी।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश चल रही थी, लेकिन कुछ अन्य छात्रों के आने के बाद विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
डीएसपी ने दिया जांच का भरोसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मुख्यालय रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों का मांगपत्र लिया और निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि छात्रों और प्रशासन के बीच तनाव लगातार बना हुआ है।