सोनीपत | अलख हरियाणा
हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली स्थित TDI सिटी के बीपीएल फ्लैट्स में रविवार देर रात हुए ट्रिपल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियार से हमला कर पति-पत्नी समेत तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे फ्लैट परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान झज्जर जिले के जसोर खेड़ी गांव निवासी ब्रह्मप्रकाश के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर दिल्ली पुलिस से बर्खास्त कर्मचारी बताया जा रहा है।
अवैध संबंधों को लेकर हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ब्रह्मप्रकाश किसी महिला के साथ कथित अवैध संबंधों को लेकर पड़ोसियों के निशाने पर था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार उसे इस संबंध में टोका गया था, जिसके चलते पहले भी विवाद हो चुके थे। रविवार रात करीब 11:30 बजे इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।
पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत
हमले में विजय (50) और उनकी पत्नी सुनीता (47) की मौके पर ही मौत हो गई। दंपती मूल रूप से सोनीपत के कोर्ट मोहल्ला निवासी थे और फिलहाल TDI सिटी के एल-1299 फ्लैट में रह रहे थे।
तीसरी मृतका की पहचान स्वाति (32) के रूप में हुई है, जो गांव बड़ौली की रहने वाली थी और TDI के बीपीएल फ्लैट नंबर 1431 में रहती थी।
लोहे की रॉड और तेजधार हथियार से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने पहले महिलाओं पर हमला किया और बाद में विजय को निशाना बनाया। हमले की गंभीरता इतनी अधिक थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
पति का दावा- पत्नी से जबरदस्ती की कोशिश
मृतका स्वाति के पति वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि घटना से पहले उसकी पत्नी की आरोपी से कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपी जबरन फ्लैट में घुस आया और महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध होने पर उसने हमला कर दिया। पड़ोसी विजय और सुनीता बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।
वीरेंद्र ने बताया कि वह घटना के समय निर्माण कार्य के सिलसिले में साइट पर गया हुआ था।
आरोपी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था
स्थानीय लोगों के अनुसार ब्रह्मप्रकाश फिलहाल TDI इंटरनेशनल स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। इलाके में उसका विवादित व्यवहार पहले भी चर्चा का विषय रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत, पुलिस जांच जारी
एक साथ तीन हत्याओं की घटना के बाद TDI सिटी और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
(नोट: अवैध संबंधों और अन्य आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और आधिकारिक निष्कर्षों के बाद ही मानी जाएगी।)
Tags: Sonipat Triple Murder, Kundli TDI City, Haryana Crime News, Sonipat News, Triple Murder Case, Alakh Haryana, Haryana Latest News, Crime News Haryana
Sonipat Triple Murder ,TDI City Sonipat Murder,Kundli Triple Murder
Sonipat Crime News.Haryana Crime News
Brahm Prakash Arrested.TDI Flats Murder Case
Sonipat Breaking News.Haryana Latest News