पानीपत | अलख हरियाणा
हरियाणा के पानीपत जिले के वैसर गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक 18 वर्षीय युवक पर अपनी मां के कथित प्रेमी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। हत्या के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया।
घर में मिला युवक, गुस्से में किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सतीश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला के 18 वर्षीय बेटे विकास नरवाल ने उसे घर के अंदर देख लिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर विकास ने सतीश पर हमला कर दिया और कपड़े के परने से उसका गला घोंट दिया। गंभीर चोटों के कारण सतीश की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वारदात के समय विकास के पिता भी घर में मौजूद थे, जो लंबे समय से लकवे की बीमारी से पीड़ित हैं।
हत्या के बाद खुद पुलिस को किया फोन
घटना के बाद आरोपी विकास ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर हत्या की सूचना दी। हालांकि, पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। सूचना मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस और जांच टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने प्रेम-प्रसंग की कहानी को बताया झूठा
मृतक सतीश के परिजनों ने इस मामले में प्रेम-प्रसंग के एंगल को पूरी तरह खारिज कर दिया है। मृतक के बहनोई दीपक का कहना है कि सतीश रात को खेत में पानी लगाने गया था। आरोप है कि उसे सुनियोजित तरीके से बुलाया गया, उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों का दावा है कि मामला किसी कथित प्रेम संबंध का नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश और पैसों के लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। उनका आरोप है कि हत्या के असली कारणों को छिपाने के लिए घर में घुसने और प्रेम संबंध की कहानी गढ़ी जा रही है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
मामले की जांच कर रहे अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि रात गश्त के दौरान वैसर गांव में हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक मकान की छत पर सतीश का शव मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रेम-प्रसंग, पुरानी रंजिश और लेन-देन सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी युवक फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
नोट: मामले की जांच जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।