• Sun. Aug 2nd, 2026

भिवानी महिला थाना SHO 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

भिवानी में लेडी SHO रिश्वत लेते गिरफ्तार

भिवानी, 26 मई। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत हिसार विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भिवानी महिला थाना की SHO कमलेश को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम ने आरोपी SHO के कब्जे से 7 हजार रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, SHO कमलेश पर सरकारी कार्य करने के बदले पैसे मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद हिसार ACB ने जाल बिछाया और मंगलवार शाम महिला थाने में छापेमारी की। शिकायतकर्ता को तय योजना के तहत पैसे देने भेजा गया। जैसे ही SHO ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, एसीबी टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।

ACB इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि SHO द्वारा किस विशेष मामले में रिश्वत की मांग की गई थी, इसकी जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। गिरफ्तारी के समय SHO कमलेश सिविल ड्रेस में थी, जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए टीम अपने साथ ले गई।

सूत्रों के मुताबिक, महिला थाने में दर्ज एक मामले में समझौता कराने के नाम पर 7 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी, जिसके बाद पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सोनीपत में भी एसीबी ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और एक ठेकेदार को 1.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। दोनों पर नया बिजली कनेक्शन जारी करने और लाइन लगाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सख्त मुहिम के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *