• Mon. Sep 7th, 2026

Haryana, एक दिन में 407 कोरोना के मामले, बूस्टर डोज पर सरकार का जोर

Haryana, प्रदेश में एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। हरियाणा में एक ही दिन में 407 पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए और पॉजिटिविटी दर 7.28 प्रतिशत रही। जहां रिकवरी दर 98.86 प्रतिशत है, वहीं मृत्यु दर 1.01 प्रतिशत।
राज्य में कुल सक्रिय कोविड-19 रोगियों की संख्या 1,324 है। कुल 6,367 नमूनों की जांच में से 407 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।
वायरस को रोकने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में राज्य के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री अनिल विज ने कहा कि सभी कोविड-19 सकारात्मक नमूने जीनोम सिक्वेसिंग के लिए भेजे जा रहे हैं। वहीं अस्पताल परिसर में मरीजों व स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मास्क पहनने सहित कोविड फ्रेंडली व्यवहार के संबंध में भी निर्देश दिए गए हैं।
भीड़भाड़ वाले और ज्यादा जोखिम वाले स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामलों की प्रभावी निगरानी और इन्फ्लूएंजा के परीक्षण के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में फ्लू कॉर्नर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं में आवश्यकता के अनुसार कोविड-19 से संबंधित दवाओं की उपलब्धता की भी सभी स्तरों पर निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को बूस्टर खुराक मिली है, उन्हें मुफ्त सप्लीमेंट (मल्टी विटामिन, प्रोटीन सप्लीमेंट और प्रोटीन बार) दिए जाएंगे, ताकि उन्हें वायरस से बचाया जा सके।
साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य कर्मियों को जल्द से जल्द एहतियाती खुराक दी जाए। राज्य ने स्वास्थ्य कर्मियों को टीके की खेप मिलने के सात दिनों के भीतर एहतियातन तीसरी खुराक लेना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों और बुजुर्गों को प्राथमिकता पर टीका लगाया जाना चाहिए।

By Alka

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *