चंडीगढ़, 10 दिसंबर: आगामी 23, 24 और 25 दिसंबर को फरीदाबाद के सूरजकुंड क्राफ्ट्स मेला ग्राउंड में गुर्जर महोत्सव – 2024 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस तीन दिवसीय महोत्सव में लाखों की संख्या में लोग भाग लेंगे और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेंगे। गुर्जर आर्ट एंड कल्चर ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन आज चंडीगढ़ में राज्य मंत्री राजेश नागर ने किया, जहां उन्होंने शानदार पोस्टर और ब्रोशर का अनावरण भी किया।
राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने इस अवसर पर कहा कि गुर्जर महोत्सव सांस्कृतिक समृद्धि का अद्वितीय संगम है और यह आयोजन समाज में भाईचारे और एकता को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, और गुर्जर समाज की संस्कृति और सभ्यता का अनमोल खजाना दर्शकों को देखने को मिलेगा।
इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, हरियाणा कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित थे। गुर्जर आर्ट एंड कल्चर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री दिवाकर बिधूड़ी ने कहा कि यह महोत्सव गुर्जर समाज के लिए एक बड़ा मंच है, जहां उनकी सांस्कृतिक धरोहर और कला का प्रदर्शन किया जाएगा।
राज्य मंत्री राजेश नागर ने आगे कहा कि गुर्जर महोत्सव एक अनोखा मंच है, जहां गुर्जर समुदाय के लोग समृद्धि, साहित्य, कला, नृत्य, संगीत और खेल के क्षेत्र में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य गुर्जरी शैली को बढ़ावा देना और आगंतुकों को इससे परिचित करवाना है।
महोत्सव के दौरान गुर्जर साहित्य पर लिखी पुस्तकें, ग्राम चौपालें, रैंप शो, शिल्पियों के उत्पाद, स्कूली बच्चों की कलाकृतियां, लेखन प्रतियोगिताएं और भिन्न-भिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गुर्जर महोत्सव – 2024 हरियाणा के सांस्कृतिक कैलेंडर का प्रमुख आयोजन बन गया है और यह समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। #GurjarMahotsav2024