• Tue. Sep 1st, 2026

हरियाणा और यूएस के बीच विमानन हब के लिए एमओयू

हरियाणा और यूएस के बीच विमानन हब के लिए एमओयूहरियाणा और यूएस के बीच विमानन हब के लिए एमओयू

चंडीगढ़, 10 दिसंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा अपनी प्रगतिशील दृष्टि और सतत प्रयासों से वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने के कारण हरियाणा अब विदेशी निवेशकों के लिए पहली पसंद बन गया है। हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे पर एकीकृत विमानन हब के विकास हेतु तकनीकी सहायता प्रदान करने के लिए हरियाणा सरकार ने अहम कदम उठाए हैं। मंगलवार को, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में हरियाणा भवन, नई दिल्ली में अमेरिकी व्यापार एवं विकास एजेंसी (यू.एस.टी.डी.ए.) और हरियाणा एयरपोर्ट विकास निगम के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

एमओयू पर हस्ताक्षर अमेरिकी व्यापार एवं विकास एजेंसी (यू.एस.टी.डी.ए.) की ओर से अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी और हरियाणा एयरपोर्ट विकास निगम की ओर से नागरिक उड्डयन विभाग के सलाहकार डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने किए। यह समझौता हिसार हवाई अड्डे पर संचालन, एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर, विश्व बंदरगाह कार्गो लॉजिस्टिक्स हब, ओवरहालिंग (एम.आर.ओ.) सुविधाओं सहित कई विकास परियोजनाओं के लिए तकनीकी सहायता प्राप्त करने के उद्देश्य से किया गया है।

यूएस के साथ यह साझेदारी नवाचार और सहयोग का आदर्श बनेगी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह एमओयू हरियाणा के विमानन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इस समझौते से न केवल विमानन क्षेत्र में तकनीकी प्रगति होगी, बल्कि दीर्घकालीन आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यूएस के साथ यह साझेदारी नवाचार और सहयोग का बेहतरीन उदाहरण बनेगी, और इसका अहम लाभ हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के विकास में मिलेगा। इस समझौते के अंतर्गत एयरपोर्ट के विकास, संचालन और निवेश आकर्षित करने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी आधारित परियोजनाएं बनाई जाएंगी।

एमओयू से हरियाणा में रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साझेदारी बुनियादी ढांचे के विकास में भारत के रणनीतिक उद्देश्यों को प्राप्त करने में मदद करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस एमओयू के परिणामस्वरूप हरियाणा में विमानन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में योगदान दे रही है। उनका लक्ष्य राज्य को विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में एक प्रमुख गंतव्य बनाना है।

विमानन क्षेत्र में हरियाणा और अमेरिका के बीच एक नया अध्याय जुड़ रहा है: एरिक गार्सेटी

भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने कहा कि इस एमओयू के जरिए नागरिक उड्डयन और विमानन क्षेत्र में हरियाणा और अमेरिका के बीच एक नया अध्याय जुड़ रहा है, जो वैश्विक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भारत एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था है और अब इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भविष्य में भारत और अमेरिका के बीच संबंध और मजबूत होंगे।

एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर ने अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और हरियाणा सरकार की कार्यशैली से उन्हें अवगत कराया।

इस अवसर पर आवास आयुक्त डी. सुरेश, नागरिक उड्डयन विभाग के प्रधान सचिव श्यामल मिश्रा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, और यूएस दूतावास के वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *