• Fri. Sep 4th, 2026

CM Shivraj का कांग्रेस पर तंज, पहिए वाला सूटकेस सिर पर लेकर चलते हैं इनके नेता, भविष्य पर गंभीर सवाल

shivraj singh chouhanshivraj singh chouhan

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए प्रचार में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने 210 विधानसभा सीटों पर प्रचार के लिए जनआशीर्वाद यात्रा निकाली। एमपी में बीजेपी की चुनावी मशीनरी ने पूरी ताकत झोंकी है, इसकी मिसाल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और खुद प्रधानमंत्री मोदी की जनसभाएं हैं। पीएम मोदी 25 सितंबर को भोपाल आएंगे। इसी के साथ भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा पूरी हो जाएगी। यात्रा को अभूतपूर्व सफलता बताते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा।

कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मध्य प्रदेश के साथ-साथ देश की जनता के अंदर कांग्रेस के खिलाफ गुस्सा भरा हुआ है। उन्होंने कहा, जन आक्रोश यात्रा के पोस्टर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की तस्वीरें गायब हैं। कमलनाथ भी यात्रा से नदारद हैं। शिवराज ने इससे पहले सनातन का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व- सोनिया और राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा था।

जन आशीर्वाद यात्रा के समापन से दो दिन पहले प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री शिवराज, भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जन आशीर्वाद यात्रा को मिली अभूतपूर्व सफलता के लिए प्रदेश और लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कांग्रेस पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि बीजेपी की यात्राओं में सकारात्मक संदेश दिया गया है, लेकिन कांग्रेस आक्रोश दिखा रही है। कमलनाथ को पता था कि आक्रोश किसके खिलाफ है।


भाजपा की एकात्म यात्रा, स्नेह यात्रा जैसी पहल का जिक्र करते हुए सीएम शिवराज ने कहा, कांग्रेस की यात्रा में धक्का-मुक्की, लाठी-डंडे और बंदूक निकलने की खबरें सामने आ रही हैं। आक्रोश सुनते ही मन विचलित होता है। कांग्रेस नेता आपस में ही आक्रोश प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने कहा, जिस पार्टी का नेता पहिए वाले सूटकेस को सिर पर लेकर चलता है, उसका भविष्य क्या होगा, ये समझा जा सकता है। चुनावी तैयारियों और प्रचार से उत्साहित सीएम शिवराज को पूरा यकीन है कि जनता बीजेपी को 150 सीटें जीतने में मदद करेगी।

By Alka

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *