• Tue. Aug 18th, 2026

👉 नाबालिग से प्यार पड़ा भारी! स्टेट लेवल बैडमिंटन खिलाड़ी की मौत, 3 दिन तक टॉर्चर करने का आरोप

👉 नाबालिग से प्यार पड़ा भारी! स्टेट लेवल बैडमिंटन खिलाड़ी की मौत, 3 दिन तक टॉर्चर करने का आरोप

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में एक 21 वर्षीय स्टेट लेवल बैडमिंटन खिलाड़ी की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजस्थान के भिवाड़ी स्थित सैदपुर गांव निवासी मोनू के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि युवती के परिजनों ने मोनू का अपहरण कर तीन दिन तक बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

मृतक के चाचा नरेंद्र के अनुसार, मोनू हाल ही में 12वीं कक्षा की परीक्षा पास कर चुका था और स्कूल स्तर पर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुका था। जिला स्तर पर भी उसके नाम कई पदक दर्ज थे। परिवार में वह दो भाइयों में से एक था और उसके पिता भीम सिंह पेशे से ड्राइवर हैं।

नाबालिग लड़की से था प्रेम संबंध

जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद के तिगांव क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की नाबालिग बेटी का अपने रिश्तेदारों के यहां सैदपुर गांव आना-जाना था। इसी दौरान उसकी मोनू से पहचान हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

पुलिस के मुताबिक अप्रैल महीने में लड़की को भगाकर ले जाने के आरोप में तिगांव थाने में मोनू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बाद में लड़की को बरामद कर लिया था, जबकि मोनू फरार बताया जा रहा था।

तफ्तीश में शामिल होने गया था युवक

परिजनों का कहना है कि 17 मई को मोनू घर से यह कहकर निकला था कि वह तिगांव थाने में जांच में शामिल होने जा रहा है। आरोप है कि इसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे अगवा कर लिया और कई दिनों तक उसके साथ मारपीट की।

परिवार का दावा है कि 20 मई को पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि मोनू घायल अवस्था में युवती के पिता के घर के बाहर मिला है। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में

फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को राउंडअप किया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *