फतेहाबाद | अलख हरियाणा
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। खाराखेड़ी गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी (50) की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब वह गांव के एक ढाबे पर बैठे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार दो हमलावर मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें कई गोलियां राजेंद्र खिलेरी के सिर और छाती में लगीं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
भाजपा नेताओं के करीबी थे राजेंद्र खिलेरी
राजेंद्र खिलेरी फतेहाबाद के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता दुड़ाराम बिश्नोई के करीबी माने जाते थे। इसके अलावा उनका संबंध पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के परिवार से भी काफी निकट बताया जाता है। वे लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय थे और फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी।
पुलिस और CIA टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी जय सिंह, सदर थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल से दो बाइक और दो पिस्टल बरामद की हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
कुछ समय पहले हुआ था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले रामदेव मंदिर मेले के दौरान खासा ढाणी के कुछ लोगों के साथ राजेंद्र खिलेरी का विवाद हुआ था। आरोप था कि उन्होंने तूड़ी से भरे ट्रैक्टरों के चालान कटवाए थे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ गई थी। पुलिस इस एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
परिवार में शोक
राजेंद्र खिलेरी अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनका बेटा बीए की पढ़ाई कर रहा है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है।
Fatehabad News, Rajendra Khileri Murder, Former Sarpanch Murder Haryana, Kharakheri News, Haryana Crime News, Alakh Haryana, BJP Leader Close Associate Murder, Fatehabad Breaking News.