• Thu. Sep 3rd, 2026

30 साल के लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी फिल्म अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि

30 साल के लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी फिल्म अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि30 साल के लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी फिल्म अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि

चंडीगढ़, 12 दिसंबर – बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने घोषणा की कि 30 साल के लंबे अंतराल के बाद वह एक बार फिर बॉलीवुड के बड़े पर्दे पर दिखाई देंगी। उन्होंने बताया कि वह अमेरिका से मुंबई लौटी हैं और इस बार उनकी फिल्मों में काम करने का अवसर उनके परिवार – पति और दो बेटों ने दिया है। मीनाक्षी ने कहा कि वह इस बार दामिनी जैसी फिल्में बनाने की इच्छा लेकर बॉलीवुड में वापसी कर रही हैं और इसके लिए पूरी रुपरेखा तैयार कर ली है।

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मीनाक्षी शेषाद्रि ने कहा कि उनका जीवन पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों से प्रेरित है और उनके रक्त के कण-कण में गीता का वास है। कुरुक्षेत्र, गीता उद्गम स्थली, से जब उन्हें इस महोत्सव का निमंत्रण मिला, तो उन्होंने महाभारत पर आधारित द्रौपदी डांस ड्रामा तैयार किया, जिसे मंच पर प्रस्तुत कर अपने मन की भावनाओं को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया।

मीनाक्षी ने आगे कहा कि उन्होंने बॉलीवुड में दामिनी और घातक जैसी सफल फिल्मों में काम किया था, लेकिन 1995 में वह अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गईं और पूरी तरह से अपने परिवार को समय दिया। वहां रहते हुए भी उनकी क्रिएटिविटी सक्रिय रही, लेकिन अब परिवार के कहने पर वह तीन माह पहले मुंबई लौट आईं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब वह बॉलीवुड में अपनी दूसरी पारी शुरू करने जा रही हैं, जिसके लिए कई स्क्रिप्ट्स उनके सामने आई हैं, और वह दामिनी और घातक जैसी फिल्मों में काम करने की इच्छुक हैं।

एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए मीनाक्षी शेषाद्रि ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म आजकल पुराने और नए कलाकारों के लिए एक बेहतरीन मंच बन चुका है। नए कलाकारों को ओटीटी पर अपनी पहचान बनाने का बेहतरीन मौका मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा की धरती ने बॉलीवुड को कई नामी कलाकार दिए हैं, जिन्होंने इस राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि हरियाणा और उत्तर भारत की नारी शक्ति समाज में बदलाव ला रही है। कला और कलाकारों के लिए उम्र कभी रुकावट नहीं बन सकती, क्योंकि एक कलाकार किसी भी उम्र में अपने सपनों को पूरा कर सकता है। मीनाक्षी ने यह भी कहा कि वर्ष 2025 में वह ओटीटी नेटवर्क पर भी नजर आ सकती हैं, इसके लिए बातचीत की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *