• Sun. Aug 30th, 2026

गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे: दिसंबर तक खत्म होगा इंतजार, जाम से मिलेगी राहत

Byalakhharyana@123

Apr 25, 2025
गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे: दिसंबर तक खत्म होगा इंतजार, जाम से मिलेगी राहतगुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे: दिसंबर तक खत्म होगा इंतजार, जाम से मिलेगी राहत

गुरुग्राम से रेवाड़ी तक सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नेशनल हाईवे 352WA का निर्माण कार्य इस साल दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इसकी डेडलाइन तय कर दी है। इसके बनते ही गुरुग्राम, पटौदी और रेवाड़ी के बीच लगने वाला भीषण जाम बीते दिनों की बात हो जाएगा।

45 किलोमीटर लंबा हाईवे, 1000 करोड़ की लागत

यह हाईवे द्वारका एक्सप्रेसवे के सेक्टर-84 से शुरू होकर वजीरपुर गांव होते हुए गुरुग्राम-पटौदी रोड से रेवाड़ी तक जाएगा। इसकी कुल लंबाई 45 किलोमीटर है और इसका निर्माण लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। वर्तमान में इस प्रोजेक्ट का 66% कार्य पूरा हो चुका है।

25 फ्लाईओवर और अंडरपास बनेंगे

इस हाईवे को हाईटेक बनाने के लिए 25 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिससे यात्रा सुगम हो सके। द्वारका एक्सप्रेसवे को सीधे इस हाईवे से जोड़ने के लिए एक फ्लाईओवर भी बनाया जा रहा है, जिसका 40% कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद द्वारका एक्सप्रेसवे से पटौदी और रेवाड़ी तक पहुंचना और भी आसान हो जाएगा।

देरी की वजहें

हालांकि यह हाईवे 2023 तक बनकर तैयार हो जाना चाहिए था, लेकिन कुछ बाधाओं के कारण इसमें देरी हुई। मुख्य समस्या 6 किमी क्षेत्र में फैली हाईटेंशन लाइनें हैं, जिनमें से 4 हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम, और एक-एक DDL और BBMB की हैं। इसके अलावा, सेक्टर-84 में HSVP द्वारा अधूरा छोड़ा गया बरसाती नाला और पटौदी में रेलवे लाइन के नीचे प्रस्तावित अंडरपास के लिए रेलवे से मंजूरी न मिलना भी देरी की बड़ी वजहें हैं।

लोगों को क्या मिलेगा फायदा?

इस हाईवे के पूरा होते ही गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी मार्ग पर यात्रा करने वालों को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी, समय की बचत होगी और सफर कहीं ज्यादा आरामदायक हो जाएगा। यह हाईवे औद्योगिक और व्यावसायिक दृष्टिकोण से भी अहम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *