• Tue. Aug 25th, 2026

हरियाणा सरकार ने किसानों को दी राहत , इस जिले में 25 नवंबर तक की जाएगी ए ग्रेड धान की खरीद

चंडीगढ़। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि फतेहाबाद जिला में ए ग्रेड धान की खरीद आगामी 25 नवंबर तक की जाएगी। इसके लिए केन्द्र सरकार से अनुमति प्रदान की गई है ताकि सभी किसान अपनी फसल की बिक्री कर सके।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला आज यहां निवास स्थान पर विभाग के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर धान की खरीद बारे समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद जिले के सभी सात खरीद केंद्रों पर धान की खरीद 25 नवम्बर तक जारी रहेेगी। इनमें फतेहाबाद, रतिया, लाम्बा, अयाल्की, जाखल, टोहाना व धारसूल केंद्र शामिल है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से धान खरीद की अनुमति प्रदान की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में सभी खरीद केन्द्रों पर तुरंत प्रभाव से किसानों की ए ग्रेड धान की फसल खरीदना सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को अपनी धान की फसल बेचने में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी खरीद केन्द्रों में विडियोग्राफी करवाते हुए धान की खरीद की जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी केन्द्र पर जिले से बाहर के धान की आवक न हों

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हितार्थ अनेक फैसले ले रही है ताकि किसानों में आर्थिक खुशहाली लाई जा सके। इसलिए केन्द्र सरकार ने हरियाणा सरकार के अनुरोध पर एक और अहम निर्णय लिया है जिससे फतेहाबाद के किसानों को धान बिक्री करने का पूरा समय मिल सके। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया है कि किसान अपनी धान ए ग्रेड 25 नवंबर तक खरीद केन्द्रों पर लाकर बेच सकते हैं।

बैठक में निदेशक खाद्य एवं पूर्ति विभाग मुकुल कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *