• Sun. Aug 2nd, 2026

Haryana, नूंह में 28 अगस्त तक एक बार फिर बंद की गई इंटरनेट सेवा

Haryana, हरियाणा सरकार ने नूंह में 28 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट और बल्क एसएमएस सेवा को बंद करने का आदेश दिया है। सरकार ने हिंदू संगठनों के एक बार फिर ‘शोभा यात्रा’ निकालने के आह्वान के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। पिछले महीने सांप्रदायिक हिंसा हुई थी।

उपायुक्त ने आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध करते हुए लिखा, किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए नूंह जिले में सभी मोबाइल इंटरनेट और बल्क एसएमएस (एक साथ काफी मात्रा में संदेश भेजने) सेवा को बंद करना जरूरी है।

सरकार ने सोमवार को आयोजित होने वाली यात्रा से पहले या इसके दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाए जाने की आशंका के चलते संबंधित आदेश जारी किया।

आदेश शनिवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टीवीएसएन प्रसाद की ओर से जारी किया गया। हरियाणा सरकार ने पहले भी सांप्रदायिक हिंसा के बाद नूंह में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया था।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की बृज मंडल शोभायात्रा पर 31 जुलाई को भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद नूंह में सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी जिसमें दो होम गार्ड और एक इमाम सहित छह लोगों की मौत हो गई थी।

प्रसाद की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया, ‘‘यह आदेश नूंह जिले के अधिकारक्षेत्र में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी किया गया है जो कि 26 अगस्त दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त रात 11 बजकर 59 मिनट तक प्रभावी रहेगा।

Haryana, मंत्री पर यौन उत्पीड़न मामले में पुलिस ने दाखिल किया अंतिम रिपोर्ट

इससे पहले शुक्रवार को नूंह के उपायुक्त ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि जिले में 28 अगस्त को ‘बृज मंडल शोभा यात्रा’ के लिए ‘सर्व जातीय हिंदू महापंचायत’ का आह्वान किया गया। उन्होंने असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने की भी आशंका जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *