• Thu. Aug 27th, 2026

Haryana News : DGP शत्रुजीत कपूर ने रोहतक में पासिंग आउट परेड का किया निरीक्षण

Haryana News : हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने आज रोहतक के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर सुनारिया के पीओपी ग्राउंड में आयोजित एक्स सर्विसमैन के रिक्रूटमेंट के बेसिक कोर्स बैच नंबर एस-14 की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया व सलामी ली।

पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने परेड की सलामी लेने उपरांत जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि दीक्षांत परेड किसी भी पुलिस कर्मचारी के लिए यह अवसर एक गौरवमयी पल होता है। उन्होंने सभी जवानों को रिक्रूटमेंट बेसिक कोर्स के उपरांत बेहतरीन दीक्षांत परेड की बधाई देते हुए कहा कि इस बैच में सभी 452 सिपाही एक्स सर्विसमैन है। इन्होंने सेना में प्रशिक्षण प्राप्त करके देश की सेवा की है। इनका अनुभव अब प्रदेश के नागरिकों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस के हर कर्मचारी का कर्तव्य नागरिक के जान-माल की सुरक्षा के साथ-साथ कानून व्यवस्था बनाये रखना है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस अपराध व अपराधियों को पूरी तरह खत्म करने के लिए कानूनी व विभागीय हर आवश्यकता पूरी कर रहा है। हर जिला में महिला सुरक्षा के मद्देनजर महिला थाना व महिला डेस्क स्थापित किये गए है। प्रदेश में नशे के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष हरियाणा राज्य नारकोटिक्स बोर्ड बनाया है, जो हर जिला में नशा मुक्ति अभियान चलाने के साथ-साथ नशे के कारोबार में लिप्त नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर रहा है। विभाग द्वारा आयोजित साइक्लोथॉन में हुई अपार जन भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता नशे के खिलाफ पूरी तरह सजग है तथा जनता नशे के खिलाफ एकजुट होकर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से निपटने के लिए हर जिले में साइबर थाना बनाया गया है। हमारे साइबर सेल ने पूरे देश में साइबर अपराध रोकने में सबसे बेहतरीन कार्य किया है। इस संदर्भ में 1930 हेल्पलाइन पर तैनात टीम ने बेहतरीन काम किया है। इन सभी के प्रयासों से हरियाणा साइबर क्राइम के अपराधियों को पकड़ने के लिए देश में सबसे अव्वल स्थान पर है।

उन्होंने नवनियुक्त सिपाहियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि समाज को पुलिस से सेवा, सुरक्षा व सहयोग की अपेक्षा रहती है। उनकी इन अपेक्षाओं के मापदंडों पर खरा उतरने के लिए पुलिस का हर जवान पूरी कर्तव्यनिष्ठा से कार्य कर रहा है।

इस मौके पर डीजीपी ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सिपाहियों को पुरस्कार दिए। दीक्षांत परेड समारोह में एक्स सर्विसमैन काडर के 452 सिपाहियों की 8 टुकड़ी ने मार्च पास्ट किया।

इस अवसर पर रोहतक मंडल व सुनारिया स्थित पुलिस परिसर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक केके राव, पुलिस ट्रेनिंग केंद्र के पुलिस उप महानिरीक्षक शिव चरण अत्री, रोहतक के पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, चरखी दादरी की पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार, सुनारिया स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के पुलिस अधीक्षक ध्यानचंद, कमांडेंट थर्ड आईआरबी सुनारिया एंड वुमेन बटालियन सुनारिया भारती डबास सहित पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी व नव नियुक्त सिपाहियों के परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *