चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ लोगों को विकसित भारत@2047 के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए।
हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता लाभार्थियों और आमजन के घर पहुंचकर दीया जलाएंगे। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को अभियान से जोड़कर उनके अनुभवों को सामने लाया जाएगा। इन कार्यक्रमों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया पर भी साझा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी 23 जिलों में प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित परियोजनाओं और प्रमुख विकास कार्यों को चिन्हित कर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालयों में विकास और जनकल्याण पर सेमिनार तथा सार्वजनिक स्थानों पर विकास यात्रा से संबंधित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी।
स्कूलों में प्रतियोगिताएं, गांव-गांव पहुंचेगा नुक्कड़ नाटक
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। बच्चों को 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर वाला प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।
‘नमो सेवा गाथा’ नाम से 25 से 30 मिनट का संगीतमय नुक्कड़ नाटक भी गांव-गांव प्रस्तुत किया जाएगा। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर इसका विशेष मंचन प्रस्तावित है।
‘सेवा सेतु’ शिविरों में योजनाओं की जानकारी
ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचेगा। इनमें लाडो लक्ष्मी योजना को भी प्रमुखता दी जाएगी। योजना की आय सीमा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किए जाने और करीब 17 लाख नए लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य बताया गया है। पात्र लाभार्थियों को 1 नवंबर से राशि का भुगतान शुरू करने की योजना है।
इसके अलावा 90 विधानसभा क्षेत्रों की 180 लोकेशन पर ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम होंगे। नागरिकों से कम से कम 25 मिनट समाज सेवा के लिए देने का आह्वान किया जाएगा। रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता और जरूरतमंदों की सहायता जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
विदेशों में भी जुड़ेगा हरियाणा
अभियान के तहत 25 देशों में रह रहे हरियाणा के लोगों को भी जोड़ा जाएगा। अलग-अलग देशों में सूर्योदय के समय यज्ञ आयोजित कर सेवा, संस्कार और विकसित भारत का संदेश दिया जाएगा।
17 अक्टूबर को अभियान का समापन ‘जनसेवक महाकुंभ’ से होगा। इसमें पंचायत से लेकर संसद तक के करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। हरियाणा की सभी पंचायतों के प्रतिनिधियों को भी इस आयोजन से जोड़ने की तैयारी है।
Haryana News, Nayab Singh Saini, Narendra Modi, Seva Sankalp Abhiyan, Aashirwad Ka Diya, Haryana Government, Lado Lakshmi Yojana, Seva Setu, Viksit Bharat 2047, Haryana BJP, Latest Haryana News
#HaryanaNews #NayabSinghSaini #NarendraModi #SevaSankalpAbhiyan #AashirwadKaDiya #HaryanaGovernment #LadoLakshmiYojana #ViksitBharat2047 #Haryana #LatestNews
