• Thu. Sep 3rd, 2026

हिसार में महिला की हाथ-पैर बंधी लाश मिली, गला घोंटकर हत्या की आशंका

हिसार में महिला की हाथ-पैर बंधी लाश मिली, गला घोंटकर हत्या की आशंकाहिसार में महिला की हाथ-पैर बंधी लाश मिली, गला घोंटकर हत्या की आशंका

हिसार में महिला की हाथ-पैर बंधी लाश मिली, हत्या कर शव कोठरे में फेंकने की आशंका

हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव खरड़ के खेतों में बने एक कोठरे से करीब 40 से 42 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। महिला के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे, जबकि उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ मिला। शव का मुंह खून से सना हुआ था।

ग्रामीणों ने रविवार सुबह खेतों की तरफ जाते समय कोठरे में महिला का शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हिसार सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

गला घोंटकर हत्या की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई हो सकती है। फोरेंसिक टीम की जांच में आशंका जताई गई है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को सुनसान जगह पर लाकर फेंका गया।

घटनास्थल के पास कार के टायरों के निशान भी मिले हैं। पुलिस अब इन निशानों और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

हाथ पर लिखा मिला नाम, पहचान की कोशिश जारी

पुलिस को महिला के हाथ पर टैटू के रूप में ‘पासोरानी’ और ‘सीमारानी’ लिखा मिला है। हालांकि अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस इन नामों और अन्य सुरागों के आधार पर महिला के परिवार तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

टोल प्लाजा और आसपास के कैमरे खंगाले जा रहे

पुलिस के अनुसार गांव खरड़ के पास रामायण टोल प्लाजा के नजदीक बनी फैक्ट्री के साथ एक रास्ता खेतों की ओर जाता है। इसी सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर शव को यहां फेंके जाने की आशंका है।

जांच टीम अब टोल प्लाजा, फैक्ट्री और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध वाहन या लोगों का पता लगाया जा सके।

सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *