• Sun. Sep 13th, 2026

हरियाणा में नकली पुलिस कर्मचारी बनकर ठगी करने वाला गैंग गिरफ्तार ,नोट दोगुणा करने का देते झांसा

हरियाणा में नकली पुलिस कर्मचारी बनकर रुपये दोगुणा करने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में एक गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला जींद जिले का है जहां गैंग में तीन नकली इंस्पेक्टर समेत 6 आरोपी लोगों को नोट दोगुने करने का झांसा देकर ठगी कर रहे थे। इनमें 3 आरोपी लोगों को नोट दोगुने करने का झांसा देकर अपने पास लाते। फिर नकली इंस्पेक्टर व उसके दो फर्जी पुलिस वाले साथी रेड करके लोगों का पैसा हड़प लेते ।पकड़े गए चार आरोपी कैथल जिले के और दो जींद जिले के हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को मिली सूचना के अनुसार सफीदों रोड पर फ्लाईओवर के पास पांच-छह व्यक्ति खड़े हैं। इनमें से तीन लोग पुलिस की वर्दी पहने हुए हैं और कुछ एक आल्टो गाड़ी में बैठकर आने-जाने वाले लोगों को रुपये दोगुणा करने का झांसा देकर ठगी करते हैं। पुलिस ने गठित टीम को मौके पर भेजकर सभी को काबू कर लिया।

पुलिस पूछताछ में इंस्पेक्टर की वर्दी में बैठे पहले व्यक्ति ने अपना नाम बलविंद्र उर्फ बिंदर निवासी तितरम जिला कैथल बताया। दूसरे व्यक्ति ने हरिदास निवासी गांव निर्जन और तीसरे ने राजीव उर्फ बंटी निवासी तितरम बताया। तीनों पुलिस की वर्दी में थे। जब उनसे पुलिस आईडी मांगी गई तो वे दिखाने में नाकाम रहे और फरार होने की कोशिश करने लगे जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया।
इसके बाद आल्टो में सवार लोगों से पूछताछ कि तो उनकी पहचान अनिल कैथल, दीपक तितरम और रमन जोगेंद्र नगर जींद के रूप में हुई। गाड़ी की तलाशी ली गई तो आरोपियों के कब्जे से 100-100 के नोटों की 25 गड्डी और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई हैं। । गड्डीयां चेक कि गई तो गड्डी में ऊपर तथा नीचे असली नोट लगा रखे थे, जबकि बीच में कागज फंसाए हुए थे। गाड़ी में दो नकली नंबर प्लेट भी बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वह राहगीरों को नोट दोगुणा करने का झांसा देकर ठगने का प्लान बना रहे थे।

ठगी करने हेतु तीन लोग पुलिस की वर्दी पहनकर गाड़ी में छिप जाते थे, बाकी के अन्य तीन आने-जाने वाले लोगाें को नकली नोटों की गड्डी दिखाकर पैसे दोगुणा करने का झांसा देते । जैसे ही कोई ग्राहक असली नोटों को दोगुना करवाने के लिए आता तो तभी पुलिस की वर्दी पहने आरोपी बलविंद्र, राजीव और हरिदास मौके पर आ जाते हैं। पुलिस के पंगे में फंसने के डर से पैसे लेकर आने वाले लोग पैसे छोड़ भाग जाते । इसके बाद योजना के अनुसार वे पैसों को आपस में बांट लेते थे।

जींद के एसपी सुमित कुमार ने बताया कि छह लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें से तीन ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी । गाड़ी से नकली नोटों की 25 गड्डियां बरामद हुई हैं। दोपहर बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड लिया जाएगा, ताकि पता लगाया जा सके, इन्होंने अब तक कितने लोगाें को ठगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *