• Wed. Sep 2nd, 2026

केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार हरियाणा पहुंचे मनोहर लाल , कहा – विपक्ष ने फैलाई गलत धारणा

केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है। 1962 के बाद यह पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार में हरियाणा से तीन मंत्री बने हैं और इससे हरियाणा के विकास को गति मिलेगी। प्रदेश में विकास की नई योजनाएं शुरू होंगी और केंद्र सरकार के सहयोग के साथ प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।मनोहर लाल आज केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार हरियाणा पहुंचे और उनका सोनीपत के कुंडली, सेक्टर-7 और गन्नौर में नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने के बाद हरियाणा प्रदेश में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का समय है। तीन माह बाद विधानसभा के चुनाव होने हैं और हमें विपक्ष द्वारा जो-जो गलत धारणाएं आम जनता में फैलाई गई हैं उनको आम जनता के बीच जाकर दूर करना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिजली, पानी, सड़क, गैस सिलेंडर, औद्योगिक विकास सहित अनेकों विकास कार्यों को पूर्ण कर तीसरी बार सरकार बनी है। वहीं विपक्ष द्वारा गलत व ओछे हथकंडे अपनाकर दुष्प्रचार के माध्यम से आम जनता को बहकाया गया है। आज हरियाणा प्रदेश विकास की राह पर अग्रसर है। सोनीपत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरे जिला में नए-नए हाईवे का जाल बिछ चुका है। इससे विकास के रास्ते खुले हैं। उन्होंने कहा कि आज समय है सरकार की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का और विपक्ष द्वारा फैलाई गई गलत धारणाओं को दूर करने का। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि हमें सोनीपत की सभी छः विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करनी है और इसी लक्ष्य के लिए हमें संकल्प लेकर आगे बढ़ना है।इस दौरान राई से विधायक मोहन लाल बड़ौली ने हरियाणा आगमन पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का स्वागत किया।इस अवसर पर गन्नौर से विधायक निर्मल चौधरी, पूर्व मंत्री कविता जैन सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *