• Tue. Aug 25th, 2026

हरियाणा में नए वर्ष का स्वागत होगा वर्षा, ठिठुरन और कोहरे के बीच, कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी

हरियाणा। हरियाणा में इस बार नए वर्ष का स्वागत वर्षा, ठिठुरन और कोहरे के बीच होगा। दरअसल पिछले कुछ दिनों से राज्य में कोहरे और धुंध का कहर आये दिन बढ़ता ही जा रहा है। इसके प्रभाव से तीन से चार दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में वर्षा और हिमपात के आसार हैं। कोहरे का दायरा भी बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) ने अगले पांच दिनों की चेतावनी जारी की है। चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पश्चिम व दक्षिण-पश्चिम हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिले में घना कोहरा छा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों तक हरियाणा-पंजाब के लिए रेड अलर्ट (घने से घना कोहरा) जारी कर दिया गया है।वहीं, पुराने वर्ष की विदाई और नए वर्ष का स्वागत वर्षा, ठिठुरन और कोहरे के बीच होगा। आइएमडी के अनुसार 29 दिसंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदलेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड में वर्षा और हिमपात के आसार हैं। 30 दिसंबर से दो जनवरी के बीच हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं राजस्थान में बारिश हो सकती है।इसके बाद जैसे ही मौसम साफ होगा तो तापमान में भारी गिरावट आएगी व सर्दी बढ़ेगी। बढ़ती ठंड को देखते हुए राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान ने एडवाइजरी जारी की है कि दुधारू पशुओं खुले में नहीं बांधना चाहिए। ठंड का असर सब्जियों की फसल पर भी दिखाई देने लगा है। वहीं, अभी तक की ठंड गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है।

आठ जिलों में टकराए 16 वाहन
फरीदाबाद-भिवानी में दो की मौत मंगलवार सुबह प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। पानीपत समेत कई जिलों में दृश्यता शून्य रही। इस कारण आठ जिलों में 16 वाहन टकराए। फरीदाबाद टक्कर के बाद हाइवा में आग लगने से एक चालक की जलने से मौत हो गई।भिवानी में कोहरे से सड़क नजर नहीं आने पर आटो कच्चे रास्ते में पलट गई, जिससे आटो के नीचे शिक्षिका की गर्दन दबने से मौत हो गई। आइएमडी ने बुधवार को उत्तर हरियाणा और पश्चिम व दक्षिण-पश्चिम हरियाणा में घने से घना कोहरा छाने की संभावना व्यक्त की है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *