• Thu. Sep 3rd, 2026

सोशल मीडिया वीडियो के बाद व्यापारी पर जानलेवा हमला, खेल मंत्री Gaurav Gautam का नाम आने से मचा हड़कंप

क्या सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करना व्यापारी को भारी पड़ गया? पलवल की इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।क्या सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करना व्यापारी को भारी पड़ गया? पलवल की इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

हरियाणा के पलवल में एक कपड़ा व्यापारी पर हुए जानलेवा हमले के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। घायल व्यापारी ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उसे सोशल मीडिया पर हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम के खिलाफ वीडियो पोस्ट करने को लेकर धमकाया।

मामला कैंप थाना क्षेत्र का है। बसंत विहार कॉलोनी निवासी सिकंदर डागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह वह अपनी दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान रेलवे फाटक के पास एक स्विफ्ट कार ने उसकी गाड़ी को रोक लिया।

पीड़ित के अनुसार कार से तीन-चार युवक उतरे, जिनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। कुछ देर बाद एक स्कूटी पर दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में हथौड़े, डंडे और एक युवक के पास कट्टा था।

सिकंदर डागर का कहना है कि उसे गाड़ी से बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा गया। एक हमलावर ने उसके सिर पर हथौड़े से वार करने की कोशिश की, लेकिन उसने हाथ लगाकर खुद को बचाया, जिससे उसके हाथों में गंभीर चोट आई।

पीड़ित का आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में मंत्री के खिलाफ कोई वीडियो सोशल मीडिया पर डाला गया तो उसे और उसके परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घायल व्यापारी फिलहाल निजी अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया और पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल समेत कई विपक्षी नेता अस्पताल पहुंचे और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।

बताया जा रहा है कि सिकंदर डागर पिछले कई महीनों से शहर में भ्रष्टाचार, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करता रहा है। उसके कई वीडियो स्थानीय प्रशासन और सत्ता पक्ष के नेताओं की आलोचना से जुड़े रहे हैं।

वहीं, खेल राज्यमंत्री Gaurav Gautam ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *