• Thu. Sep 3rd, 2026

किसान आंदोलन को लेकर पुलिस की सोशल मीडिया पर पैनी नज़र ,अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

हरियाणा। हरियाणा में किसान आंदोलन को लेकर पुलिस की सोशल मीडिया पर पैनी नज़र है। पुलिस द्वारा जारी एडवाइज़री के अनुसार अगर कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाएंगे या आंदोलन को भड़काने जैसी सामग्री सोशल मीडिया पर डालते हैं तो पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘जनता से सोशल मीडिया मंचों पर भ्रामक सामग्री पर ध्यान न देने का आग्रह किया जाता है, क्योंकि पुलिस सक्रिय रूप से ऐसे तत्वों पर नजर रख रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

चप्पे-चप्पे पर अलर्ट

किसानों के आज ‘दिल्ली चलो’ मार्च के मद्देनजर हरियाणा में अर्द्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस की कुल 114 कंपनियां तैनात की गई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक अधिकारिक प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि हरियाणा पुलिस ने राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक उपाय लागू किए हैं।

अधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि अलग-अलग जिलों में कुल 114 कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें अर्द्धसैनिक बलों की 64 और हरियाणा पुलिस की 50 कंपनियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये टुकड़ियां दंगा-रोधी उपकरणों से लैस हैं और उन जिलों में तैनात हैं जो संवेदनशील हैं और पंजाब की सीमा से लगे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इसके अतिरिक्त, उपद्रवियों और शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों जैसी निगरानी प्रौद्योगिकियों का उपयोग किया जा रहा है।

संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर होगी कार्रवाई
इसके साथ ही हरियाणा सरकार के गृह विभाग की ओर से पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसानों की ओर से सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता है तो संपत्ति क्षति वसूली कानून 2021 में निर्धारित किए गए नियमों के अनुसार उनपर कार्रवाई होगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टीवीएसएन प्रसाद की तरफ से सभी जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर कहा गया है कि सार्वजनिक या निजी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई जिम्मेदार लोगों से ही की जाएगी। अधिकारियों को उपरोक्ट नियमों के अनुसार कार्रवाई करने और गृह विभाग को कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *