• Mon. Aug 31st, 2026

STF और भाऊ गैंग के शूटरों में मुठभेड़, दोनों बदमाश घायल कुरुक्षेत्र में 20 राउंड फायरिंग; रोहतक में वारदात की फिराक में थे आरोपी

STF Encounter in Kurukshetra: 2 Bhau Gang Shooters Injured, Foreign Pistols RecoveredSTF Encounter in Kurukshetra: 2 Bhau Gang Shooters Injured, Foreign Pistols Recovered

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मंगलवार शाम करनाल STF और भाऊ गैंग से जुड़े दो शूटरों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। शाहाबाद के रतनगढ़ गांव के पास जीटी रोड पर हुई इस कार्रवाई में दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। STF की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।

घायल बदमाशों को पहले शाहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल रेफर किया गया। आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी कशिश और हर्ष के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दोनों के भाऊ गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है।

STF को पहले से थी सूचना

STF करनाल यूनिट के इंचार्ज दीपेंद्र राणा के मुताबिक टीम को इनपुट मिला था कि दो हथियारबंद शूटर जीटी रोड के पास मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर STF ने इलाके में घेराबंदी की।

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में STF ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान टीम में शामिल SI प्रवीण कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

दो विदेशी पिस्टल बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक विदेशी पिस्टल बरामद की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों रोहतक जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे और वहां किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना थी। STF अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

कौन है हिमांशु भाऊ?

भाऊ गैंग का सरगना हिमांशु भाऊ रोहतक के रिटौली गांव का रहने वाला है। साल 2019 तक वह एक सामान्य छात्र था, लेकिन फायरिंग की एक वारदात के बाद अपराध की दुनिया में उतर गया। उस पर हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हुए।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हिमांशु भाऊ पर हरियाणा और दिल्ली में हत्या, लूट, फिरौती और धोखाधड़ी समेत 18 से ज्यादा केस दर्ज हैं। बताया जाता है कि वह नीरज बवाना और नवीन बाली गैंग से भी जुड़ा रहा है।

साल 2022 में वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए देश छोड़कर फरार हो गया था। पहले उसके पुर्तगाल में होने की जानकारी मिली, जबकि अब पुलिस का दावा है कि वह अमेरिका में बैठकर गैंग ऑपरेट कर रहा है।

इंटरपोल उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुका है। हरियाणा पुलिस ने उस पर डेढ़ लाख और दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *