• Tue. Aug 25th, 2026

हरियाणा में युवाओं की बल्ले -बल्ले , CM सैनी ने बेरोजगारी भत्ते में की बढ़ोतरी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ड्रोन दीदी योजना, कॉन्ट्रैक्टर सक्षम युवा योजना व आईटी सक्षम युवा योजना का भी लोकार्पण किया।उन्होंने कहा कि आईटी सक्षम योजना के तहत आईटी क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए स्किल युनिवर्सिटी द्वारा नेटवर्किगं, मोबाईल आदि तकनीकी क्षेत्र में पाठ्यक्रम तैयार किए जाएगें, जिससे युवाओं को विभिन्न विभागों और निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलेंगे।मुख्यमंत्री ने सक्षम युवा योजना के तहत पंजीकृत युवाओं को मिलने वाले बेरोजगारी भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगस्त माह से अब 12वीं पास युवाओं को 900 से 1200 रुपए, स्नातक को 1500 से 2000 रुपए तथा स्नातकोतर को 3000 से बढ़ाकर 3500 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। इस घोषणा से प्रदेश के 2 लाख 61 हजार युवाओं को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रवृति योजना के तहत 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत अंक लेने वाले गरीब परिवारों के विद्यार्थियों को 1 लाख 11 हजार रुपए के चैक प्रदान किए। इसके अलावा स्किल यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा प्रदेश के युवाओं को कौशल के प्रति जागरूक एवं सचेत करने का कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती। सरकार युवाओं की सोच को मूर्तरूप देने के लिए समर्पित प्रयास कर रही है। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसे अनेक प्रभावी कार्यक्रम क्रियान्वित कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, युवाओं को दक्ष बनाने तथा उनमें नए उत्साह का संचार करने की दिशा में सफल प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि देश व प्रदेश की आर्थिक स्थिति को और अधिक मजबूत बनाया जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के साथ साथ कई तकनीकी संस्थानों में युवाओं को कौशल विकास में निपुण बनाने के लिए आधुनिक युवा प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इनमें एक लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रदान किया गया है ताकि युवा आत्मनिर्भर बनकर अपने पैरों पर खड़े हो सकें। इसके अलावा सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम दर्जे के उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए एमएसएमई विभाग का गठन किया गया है।

 

ड्रोन व उपकरणों को खरीदने के लिए एसएचजी को 80 प्रतिशत या अधिकतम 8 लाख रुपए की सब्सिडी देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित नमो ड्रोन दीदी योजना राज्य में लागू की गई है। इस योजना के तहत वर्ष 2025 तक 500 महिलाओं तथा स्वयं सहायता समूह की 5000 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा और स्वयं सहायता समूहों को एक ड्रोन उपलब्ध करवाया जाएगा, जो कृषि क्षेत्र में किसानों को सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने ड्रोन व उपकरणों को खरीदने के लिए एसएचजी को 80 प्रतिशत या अधिकतम 8 लाख रुपए की सब्सिडी देने की घोषणा की। इस कार्य पर लगभग 54 करोड़ रुपए की लागत आएगी।

उन्होंने कहा कि कॉन्ट्रैक्टर सक्षम युवा योजना के तहत इंजीनियरिंग की डिग्री व डिप्लोमा करने वाले 10 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें और कॉन्ट्रैक्टर बन सकें। इन युवाओं को हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होगा। इसके बाद उन्हें एक साल के लिए 3 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण भी मुहैया करवाया जाएगा। इस प्रकार ऐसे युवा पंचायती राज संस्थाओं और निकायों में 25 लाख रुपए तक के ठेके ले सकेंगे।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती सहित जिला प्रशासन के अधिकारी व गणमान्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *