• Tue. Oct 6th, 2026

हरियाणा रोडवेज के बेड़े में शामिल होंगी 650 नई बसें, 290 करोड़ रुपये की आएगी लागत

हरियाणा में प्राकृतिक आपदा के कारण खराब होने वाली फसलों के नुकसान के लिए किसानों को मुआवजा देने के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के अंतर्गत आज बीमा कंपनियों का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (एचपीपीसी) में खरीफ 2024 से रबी 2025-26 की अवधि के लिए बीमा कंपनियों के चयन को मंजूरी प्रदान की गई है। इस अवधि के लिए प्रीमियम के रूप में लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जाएगा। किसानों को मात्र 1 से 1.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। शेष प्रीमियम केंद्र और राज्य सरकार देगी।

650 बसों की खरीद को भी मिली मंजूरी, 290 करोड़ रुपये से अधिक की आएगी लागत

बैठक में परिवहन विभाग द्वारा हरियाणा रोडवेज के बेड़े में नई बसों को शामिल करने के लिए रखे गए 150 एसी बसों तथा 500 सामान्य बसों की खरीद के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इन बसों की खरीद पर लगभग 290 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। इसके अलावा, बैठक में खाद्य आपूर्ति, हैफेड, हरियाणा राज्य भण्डारण निगम (एचएसडब्ल्यूसी) आदि खरीद एजेंसियों द्वारा खाद्यानों की सुरक्षा व बरसात से बचाव के लिए मल्टीलेयर कवर व अन्य वस्तुओं की खरीद को भी मंजूरी दी गई। इस पर लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

बैठक में पुलिस विभाग द्वारा 2000 महिला बॉडी प्रोटेक्टर, आरएफएसएल भोंडसी, सुनारिया व मधुबन के लिए विशेष उपकरण सहित अन्य वस्तुओं की खरीद को भी मंजूरी दी गई। इन सभी वस्तुओं की खरीद पर लगभग 14 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *