• Sun. Aug 2nd, 2026

पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट “राजनीति के जाल में उलझी हिमानी नरवाल की हत्या? मां ने कहा- सीबीआई जांच हो”

पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट "राजनीति के जाल में उलझी हिमानी नरवाल की हत्या? मां ने कहा- सीबीआई जांच हो"

रोहतक | हाईप्रोफाइल कांग्रेस नेत्री हिमानी नरवाल मर्डर केस में पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में 250 पेज की चार्जशीट दाखिल कर दी है। हालांकि, मृतका की मां सविता नरवाल ने पुलिस की जांच पर गहरे सवाल उठाए हैं और इसे राजनीतिक इशारों पर हुई हत्या करार देते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है।

हत्या की गुत्थी और पुलिस की थ्योरी पर उठे सवाल

1 मार्च को सांपला बस स्टैंड के पास झाड़ियों में एक सूटकेस से हिमानी का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने झज्जर निवासी सचिन उर्फ ढिल्लू को मुख्य आरोपी बताते हुए गिरफ्तारी की थी। चार्जशीट में हत्या की पूरी कहानी को पुलिस ने सचिन की मंशा से जोड़कर प्रस्तुत किया है।

लेकिन हिमानी की मां सविता ने पुलिस की थ्योरी को सिरे से नकारते हुए कहा कि “यह सिर्फ एक आरोपी पर ठीकरा फोड़ने की कोशिश है। जिन असली लोगों ने हिमानी को राजनीति की दलदल में फंसाया, वे अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।”

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से बनीं थीं चर्चित

हिमानी नरवाल कांग्रेस की सक्रिय युवा नेत्री थीं और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी नजर आई थीं। यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ हिमानी की तस्वीर वायरल होने के बाद उनका नाम राष्ट्रीय पटल पर आया। उनकी हत्या के बाद यह मामला और भी हाईप्रोफाइल बन गया।

घटना की रात का घटनाक्रम

चार्जशीट के अनुसार, आरोपी सचिन 27 फरवरी को हिमानी के रोहतक स्थित घर आया और वहीं रुका। 28 फरवरी को शाम के वक्त हत्या कर शव को सूटकेस में भरकर 10:30 बजे रात को सांपला बस स्टैंड के पास फेंक दिया गया।

CBI जांच की मांग पर अब तक चुप्पी

हिमानी की मां की मांग पर 10 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात भी हुई थी और उन्हें ज्ञापन सौंपा गया था। सीएम ने सीबीआई जांच पर विचार करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया।

मां सविता का आरोप

सविता का कहना है, “हिमानी राजनीति से दूर होना चाहती थी, लेकिन कुछ लोगों ने उसे मजबूर किया। मुझे शक है कि उन्हीं लोगों के इशारे पर उसकी हत्या की गई है। पुलिस इन ताकतवर लोगों को बचा रही है और सचिन को बलि का बकरा बना रही है।”

इस हाईप्रोफाइल केस में अब सवाल यह है कि क्या पुलिस की चार्जशीट ही अंतिम पड़ाव होगी या फिर सविता नरवाल की मांग पर आगे जांच की दिशा बदलेगी। सीबीआई जांच को लेकर एक बार फिर दबाव बनता दिख रहा है।

  • Himani Narwal Murder, Haryana Crime News, CBI Investigation Demand, Rohtak News, Congress Leader Murder

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *