कैथल, मई,बहुजन समाज पार्टी हरियाणा इकाई ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई को लेकर गंभीर चिंता जताई है। पार्टी का कहना है कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, दाल, तेल, सब्जी और अन्य जरूरी वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता का जीवन दूभर हो गया है।
बसपा के प्रदेश महासचिव डॉक्टर मनोज ग्रोवर ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। एक तरफ लोगों की आय नहीं बढ़ रही, वहीं दूसरी तरफ रोजमर्रा की चीजें महंगी होती जा रही हैं। किसान, मजदूर, कर्मचारी और छोटे व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चलते हुए हमेशा गरीब, वंचित और मेहनतकश जनता के हक की लड़ाई लड़ती आई है। मौजूदा सरकार की नीतियां केवल महंगाई को बढ़ावा दे रही हैं।
बहुजन समाज पार्टी की मांग है कि:
1. आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी को कम कर तत्काल राहत दी जाए।
2. पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
3. सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत कर गरीबों को सस्ती दर पर राशन उपलब्ध कराया जाए।
यदि सरकार ने जल्द महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया तो बसपा प्रदेश भर में आंदोलन कर जनता की आवाज उठाएगी।