JIND | हरियाणा के जींद शहर के अर्बन एस्टेट सेक्टर-10 इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पति-पत्नी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर में घुसकर युवती से बदतमीजी की और बाद में बीच सड़क पर दंपती को लाठी-डंडों और लोहे के पंच से बुरी तरह पीटा। घायल पति-पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता सुदेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पवन फौजी नाम का व्यक्ति पिछले करीब एक महीने से उनके पति को उधार दिए पैसों को लेकर परेशान कर रहा था। 21 मई 2026 को पवन फौजी अपनी पत्नी और अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचा। उस समय सुदेश और उनके पति मंदिर गए हुए थे, जबकि उनकी 22 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। आरोप है कि आरोपियों ने बेटी के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की।
जब सुदेश और उनके पति घर लौटे तो मामले को शांत कराने के लिए अपनी नंद के घर चले गए। रात करीब 9:30 बजे जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में पवन फौजी, कमलेश, भविष्य, नरेंद्र, जयदीप, जगबीर और उनके साथ आए 15-20 अन्य लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया।
आरोपियों ने दंपती को गाड़ी से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों के साथ हाथों में पहने लोहे के पंच से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और दोनों को बचाया। हमले में घायल पति-पत्नी को कई दिनों तक सरकारी अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पटियाला चौक चौकी पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज किए। जींद शहर थाना पुलिस ने पवन फौजी, उसकी पत्नी कमलेश सहित 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा नंबर 186 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
#Jind #HaryanaNews #CrimeNews #BreakingNews #AlakhHaryana