रोहतक/बहादुरगढ़ | हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो कथित सुपारी किलरों को मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों की पहचान प्रवेश (निवासी टिब्बा दानाशेर, हिसार) और हिमांशु (निवासी जाखोड़ खेड़ा, हिसार) के रूप में हुई है। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश बहादुरगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर हरियाणा STF और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों बदमाश मारे गए।
मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी घायल
STF के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों के बीच करीब 12 से 13 राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान एक हरियाणा पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के पैर में भी गोली लगी। चार अन्य पुलिसकर्मियों की जान उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण बच गई।
23 दिन पहले की थी जिम संचालक कपिल रेढू की हत्या
मारे गए दोनों आरोपी 11 जून 2026 को हांसी में जिम संचालक कपिल रेढू (25) की दिनदहाड़े हुई हत्या के मुख्य आरोपी बताए जा रहे हैं। घटना उस समय हुई थी जब कपिल अपने जिम के बाहर युवाओं को वार्म-अप करा रहा था। बाइक पर आए दो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। फायरिंग में एक युवती भी घायल हुई थी।
कपिल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में उसके शरीर पर कई गोलियां लगने की पुष्टि हुई थी।
लॉरेंस गैंग ने ली थी जिम्मेदारी
हत्या के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के नाम से एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें कपिल रेढू की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए अन्य लोगों को भी धमकी दी गई थी। हालांकि पुलिस ने उस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी और मामले की जांच जारी रखी थी।
पुलिस खंगाल रही आपराधिक रिकॉर्ड
एनकाउंटर के बाद पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
Haryana STF, Delhi Police Encounter, Lawrence Bishnoi Gang, Hansi Gym Owner Murder, Kapil Redhu Murder Case, Bahadurgarh Encounter, Haryana Crime News, Alakh Haryana