• Sat. Sep 12th, 2026

हरियाणा के यमुना नगर में जहरीली शराब पीने से हुई 7 लोगों की मौत , देसी शराब को लेकर अलर्ट किया जारी

हरियाणा। हरियाणा के यमुनानगर में जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत होने का बड़ा मामला सामने आया है। जिसके बाद पूरे जिले में हडंकप मच गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।इस मामले के सामने आने के बाद हरियाणा पुलिस ने यमुनानगर में कई जगहों पर छापेमारी की है और कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए लोगों से भी पूछताछ कर रही है। इसी के साथ पुलिस ने लोगों से देसी शराब माल्टा को भी ना पीने की हिदायत दी है।

यमुनानगर में जहरीली शराब पीने से जहां मंडेबरी के चार और पंजेटों के माजरा के दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, तीसरे गांव फूंसगढ़ में भी जहरीली शराब पीने से 23 वर्षीय प्रवीन उर्फ फिरंगी की मौत हो गई। ऐसे में मरने वालों की संख्या सात हो गई है। उधर मंडेबरी गांव में एक और 43 वर्षीय जगमाल की आज सुबह तबीयत बिगड़ गई। सुबह के समय उसे उल्टी लगी। इसके बाद परिवार के लोग उसे यमुनानगर शहर अस्पताल लेकर आए जहां उसका इलाज चल रहा है। ऐसे में अस्पताल में उपचाराधीन लोगों की संख्या भी तीन हो गई। जबकि मृतक विशाल के शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू हो गई।

दरअसल बुधवार को जहरीली शराब पीने से मंडेबरी व पंजेटों का माजरा में कुल छह लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें पांच का ग्रामीणों ने संस्कार कर दिया जबकि विशाल के शव को वीरवार को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया था। बुधवार को मंडेबरी गांव के 45 वर्षीय सुरेश उर्फ लीलू, 53 वर्षीय सुरेंद्र उर्फ लीलू, 28 वर्षीय सोनू, 28 वर्षीय विशाल और साथ लगते पंजेटो का माजरा निवासी 60 वर्षीय श्रवण व 70 वर्षीय मेहर चंद की मौत हो गई थी।

ग्रामिणों के अनुसार मरने वालों ने गांव से ही शराब खरीदी थी और शराब पीने के बाद कुछ को तो खून की उल्टियां भी आनी शुरू हो गई और आंखों की रोशनी चली गई। आनन फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया मगर एक की मौत रास्ते में ही हो गई और दूसरे ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ दिया। इतने में पता चला की गांव में भी चार लोग यह जहरीली शराब पीने के बाद मौत के मुंह में समा चुके हैं और चारों का परिवार वालों ने संस्कार भी कर दिया।

पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि दोपहर को उनके पास एक सूचना मिली की शराब का सेवन करने के बाद एक युवक की मौत हो गई है। जिस पर उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और पुलिस टीमें पूरे मामले की जांच में जुट गई। एसपी यमुनानगर ने बताया कि इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि कुछ लोगों ने डेड बॉडीज को जला दिया था पूरे मामले को शराब के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और कई लोगों की पहचान भी कर ली गई है, दोषियों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *