• Tue. Aug 25th, 2026

हरियाणा में CM नायब सैनी का एलान ,इन लाभर्थियों को मिलेगी मुफ्त बिजली के साथ मुफ्त सोलर प्लेट,ऐसे करें अप्लाई

हरियाणा प्रदेश ने बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर एक अन्य महत्वपूर्ण कदम बढ़ा लिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने राजीव गाँधी थर्मल पावर प्लांट, खेदड़, हिसार में 7250 करोड रुपए की लागत से 800 मेगावाट की अतिरिक्त अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर यूनिट स्थापित करने की घोषणा की। इससे हरियाणा प्रदेश बिजली उत्पादन के मामले में शीघ्र ही आत्मनिर्भर हो सकेगा।

मुख्यमंत्री आज अंबाला में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा में अतिरिक्त अनुदान स्कीम का आरंभ करते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बिजली का मंथली मिनिमम चार्ज खत्म करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब से प्रदेश के लोग बिजली की जितनी यूनिट खर्च करेंगे उतना ही बिल आएगा ताकि बिजली उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जा सके।

सोलर रूफ टॉप प्लांट का सारा खर्च डबल इंजन सरकार करेगी वहन

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों को ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के शुभारंभ अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि इस योजना से 1,80,000 रुपए से कम आय वाले गरीब परिवारों को रूफ टॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए ₹60,000 की सब्सिडी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगुवाई में केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी जबकि ₹50,000 की सब्सिडी राज्य सरकार प्रदान करेगी। हालांकि योजना के तहत रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाने पर ₹1,10,000 खर्चा आएगा लेकिन उपभोक्ता को अपने जेब से कुछ भी खर्च नहीं करना पड़ेगा। इसी प्रकार, 1,80,000 रुपए से 3 लाख रुपए तक की आय वाले परिवारों को केंद्र सरकार द्वारा ₹60,000 सब्सिडी और ₹20,000 की सब्सिडी राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना को शुरू करने का संकल्प प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी 2024 को अयोध्या की पवित्र भूमि से लिया गया था। आज इस योजना को हरियाणा प्रदेश में अमलीजामा पहनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस योजना के माध्यम से एक करोड़ घरों पर सोलर रूफ टॉप प्लांट स्थापित करने का निर्णय लिया है और यह योजना पहले आओ-पहले पाओ के सिद्धांत पर है अर्थात जो पात्र व्यक्ति योजना का लाभ लेने के लिए पोर्टल पर पहले रजिस्टर्ड करेगा उसे योजना का लाभ सबसे पहले मिलेगा।

इस अवसर पर ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक डॉ साकेत कुमार सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *