• Wed. Aug 26th, 2026

हरियाणा में चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज ,कल भिवानी में पंजाब, दिल्ली के सीएम सहित हरियाणा के उपमुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद

हरियाणा में 2024 के चुनावी आगाज से पहले ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कल यानी तीन सितंबर को दिल्ली और पंजाब सूबे के मुख्यमंत्रियों का एक साथ भिवानी आगमन होगा। इसी दिन हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी भिवानी में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे । वहीं, दो दिन बाद पांच सितंबर को भिवानी में सूबे के मुख्यमंत्री मनोहरलाल भी पहुंचेंगे।

दरअसल आम आदमी पार्टी की ओर से संगठन को मजबूती देने के लिए प्रदेश स्तर पर बड़ी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके तहत अभी तक चार हजार नए पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जा चुकी है और अभी हाल ही में 30 अगस्त को प्रदेश में 1400 सर्कल इंचार्जों की भी नियुक्तियां की गईं। इनका तीन सितंबर को नई अनाज मंडी में शपथ ग्रहण समारोह होगा। समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलवाएंगे।

हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी अब जनता की समस्याएं सुलझाने के साथ कार्यकर्ताओं से भी रूबरू हो रहे हैं और आगामी चुनावों में पार्टी के जनाधार को भी मजबूत करने के लिए जनता के बीच पैठ बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को और अधिक ऊर्जा के साथ जुट जाने का मंत्र भी दे रहे हैं।

जिला पुलिस ने दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों के कार्यक्रमों को लेकर 300 सुरक्षा जवानों की ड्यूटी लगाई है। ये जवान कार्यक्रम स्थल के आसपास तैनात रहेंगे और व्यवस्था को संभालेंगे। हालांकि कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस की नाकेबंदी भी रहेगी। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कार्यक्रम स्थल के आसपास के रूट भी बदले जाएंगे ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।

भिवानी के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि तीन सितंबर को भिवानी में दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्री भिवानी पहुंचेंगे। इसी के साथ पांच सितंबर को मुख्यमंत्री मनोहरलाल भिवानी आएंगे। इन वीआईपी कार्यक्रमों को लेकर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है और सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *