• Mon. Sep 21st, 2026

भिवानी: सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत, ट्रक चालक फरार

भिवानी: सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत, ट्रक चालक फरारभिवानी: सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत, ट्रक चालक फरार

हरियाणा में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भिवानी के तोशाम-सिवानी मार्ग पर गांव सरल और छपार के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक व्यक्ति गांव ढाणी पूनिया का रहने वाला था, जबकि दूसरा छपार रांगड़ान का निवासी था। दोनों यूरिया खाद लेने के लिए गांव सरल जा रहे थे।

हादसे का पूरा विवरण

जानकारी के अनुसार, छपार रांगड़ान निवासी 33 वर्षीय हेतराम को बुधवार को पता चला कि गांव सरल में यूरिया खाद पहुंच रही है। धुंध भरे मौसम में वह बाइक पर सवार होकर खाद लेने के लिए अपने गांव से निकला। इसी दौरान, ढाणी पूनिया निवासी 54 वर्षीय दिलबाग सिंह भी खाद लेने के लिए घर से निकला और तोशाम-सिवानी मार्ग पर किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। जब हेतराम वहां पहुंचा, तो दिलबाग सिंह ने उससे लिफ्ट मांगी।

दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर गांव सरल की ओर जा रहे थे, तभी तोशाम की तरफ से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक दिलबाग सिंह अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। उसकी बड़ी बेटी की शादी 21 फरवरी को तय थी। वहीं, मृतक हेतराम की तीन छोटी बच्चियां हैं। उसकी सबसे बड़ी बेटी साढ़े पांच साल की है, दूसरी तीन साल की और सबसे छोटी बेटी महज चार महीने की है। यह बच्ची चार महीने पहले एक बड़े ऑपरेशन के बाद पैदा हुई थी।

पुलिस जांच जारी

हादसे के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *