• Mon. Aug 31st, 2026

हरियाणा सरकार कि बड़ी पहल ,श्रमिकों व फैक्ट्री मालिकों हेतु लॉन्च हुई वेबसाइट और जीपीएस

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने श्रमिकों व फैक्ट्री मालिकों के लिए एक नई वेबसाइट (https://hrylabour.gov.in/) और जीपीएस आधारित स्थान संकेतक लांच किया है जिसके जरिए श्रमिक अपने आसपास के सहायता केंद्रों, विभागीय कार्यालयों, श्रम कल्याण कार्यालयों और स्वास्थ्य सेवाओं का न केवल स्थान जान पाएंगे, बल्कि उन तक पहुंचने के लिए सर्वोत्तम मार्ग और आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।

श्रम विभाग के प्रधान सचिव श्री राजीव रंजन ने आज यहाँ जानकारी देते हुए कहा कि यह सेवा सहायता केंद्रों, ईएसआई औषधालयों और अस्पतालों और श्रम कार्यालयों तक त्वरित और आसान पहुंच की सुविधा प्रदान करेगी। श्रमिकों के लाभ के लिए स्थापित सुविधाओं का पता लगाने की परेशानी दूर हो जाएगी। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक श्रमिक बिना किसी परेशानी के आवश्यक लाभ उठा सके।

डिजिटल सशक्तिकरण की ओर एक कदम
उन्होंने बताया कि श्रमिकों और सेवा केंद्रों के बीच पहुंच को आसान बनाने की दिशा में यह विभाग का एक महत्वपूर्ण कदम है। आमतौर पर श्रमिकों की जानकारी की कमी के कारण वे सेवाओं का लाभ नहीं उठा पाते थे। उन्होंने बताया कि यह श्रम कल्याण जैसे क्षेत्रों में तकनीक को शासन में शामिल करना, श्रमिकों के डिजिटल सशक्तिकरण के लिए श्रम विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सेवाओं की व्यापक कवरेज
उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से श्रम विभाग के कार्यालयों, सहायता केंद्रों, ईएसआई औषधालयों और अस्पतालों जैसी विभिन्न सुविधाओं की लोकेशन को शामिल किया गया है। इससे श्रमिकों को विभाग से सम्बंधित सभी क्षेत्रों की जानकारी एक ही पोर्टल पर उपलब्ध होगी।

श्रमिक कल्याण के लिए सकारात्मक प्रभाव
इस प्रणाली को विशेष रूप से उन श्रमिकों की सुविधा के लिए डिजाइन किया गया है जिन्हें अपने क्षेत्र की सटीक जानकारी नहीं होती थी। इससे उन्हें उनकी आवश्यकतानुसार सहायता मिल सकेगी और लाभ प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी जिनके वे पात्र हैं। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग के वेबसाइट के जरिए श्रमिकों को विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी, सम्पर्क विवरण, सेवा घंटे और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं भी उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *