• Thu. Sep 3rd, 2026

हरियाणा में एचकेआरएन में लगे कर्मचारियों को मिलेगा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, मुख्य सचिव संजीव कौशल ने किया ऐलान

हरियाणा। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत राज्य के विभिन्न विभागों में लगे कर्मचारियों को चिरायु योजना में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जाएगा। इस निर्णय से हजारों कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

मुख्य सचिव आज यहां में शहरी स्थानीय निकाय लगे कर्मचारियों को मेडिकल सेवाओं का लाभ देने के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव वित विभाग श्री अनुराग रस्तोगी, महानिदेशक शहरी निकाय विभाग विकास गुप्ता, विशेष सचिव आदित्य दहिया सहित कौशल रोजगार निगम के अधिकारी मौजूद रहे। अब शहरी स्थानीय निकाय के जो कर्मचारी ईएसआई स्कीम में कवर नहीं होते और 21 हजार रुपए से अधिक सैलरी ले रहे हैं, उन्हें मेडिकल सेवाओं का लाभ दिया जाएगा। नगर परिषद, नगर पालिका एवं नगर निगमों में लगे कर्मचारियों को डयूटी के दौरान कोई दुर्घटना हो जाती है तो उसके इलाज का खर्च भी सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

कौशल ने कहा कि किसी सफाई कर्मचारी, सीवर मैन, फायरमैन, फायर ड्राइवर की अचानक मृत्यु हो जाती है तो उसे मुख्यमंत्री कर्मचारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपए का बीमा प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही एडहॉक, डेली वेज व कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी को भी 3 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। जो कर्मचारी कौशल रोजगार दायरे से बाहर है, उन्हें भी स्वास्थ्य लाभ देने पर विचार किया गया। ऐसे कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री से अनुमति ली जाएगी ताकि शहरी स्थानीय निकाय व अन्य विभागों के सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
मुख्य सचिव ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा से जुड़े क्षेत्र के प्रति समग्र दृष्टिकोण को अपना रही है। इसके साथ ही सभी लोगों के लिए सुलभ और किफायती मेडिकल देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। राष्ट्र की प्रगति के लिए स्वास्थ्य देखभाल होना बहुत जरूरी है। इसीलिए सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भी प्रतिबद्ध है ताकि राज्य के हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *