• Tue. Sep 1st, 2026

हरियाणा के निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने अग्रोहा को ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करने का किया ऐलान

हरियाणा। हरियाणा के निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने अग्रोहा को ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करने का ऐलान किया है। सोमवार को हिसार पहुंचे हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने पत्रकारों से वार्ता करने के दौरान कहा है कि अग्रोहा के पुरातात्विक स्थल के उत्खनन की अनुमति मिलने के बाद अग्रोहा के ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित होने की अवधारणा को मूर्त रूप मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इसमें महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि अग्रसेन ग्लोबल सिटी कनेक्टिविटी के अनुसार बेहद महत्वपूर्ण लोकेशन है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन सकती है। यहां आभ्या महालक्ष्मी का 108 फीट ऊंचे मंदिर बनाया जा रहा है जिस पर 100 करोड़ रुपये की लागत आएगी। पुरातत्व तथा धार्मिक महत्व और हड़प्पा संस्कृति के जुड़ाव के चलते यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इंडस सरस्वती साईट्स के अलावा राखीगढ़ी, बनावाली, बिरडाना, कुनाल, हिसार के साथ-साथ अग्रोहा भी पर्यटन के लिहाज से दुनिया के सबसे बड़े सर्किट में से एक होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राखीगढ़ी की तर्ज पर यहां एक बड़ा म्यूजियम विकसित करने की योजना बना रही है। अग्रोहा पुरातत्व स्थल की खुदाई का कार्य भारतीय सर्वेक्षण की उत्खनन शाखा (एएसआई) व हरियाणा राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से करेगा।

उन्होंने बताया कि अग्रोहा टीले की खुदाई के सम्बंध में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सांस्कृतिक केंद्रीय मंत्री कृष्ण रेड्डी को अगस्त माह में पत्र लिख कर टीले के उत्खनन की इच्छा रखी थी, जिसे केंद्र सरकार ने महाराजा अग्रसेन की जयंती के अवसर पर इसकी स्वीकृति दे दी है। उन्होंने बताया कि अग्रवाल समाज के अनेकों संगठनों ने मुख्यमंत्री से मिलकर इसके ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए अग्रोहा टीले की खुदाई करवाए जाने का प्रस्ताव रखा था। मुख्यमंत्री ने सहर्ष प्रस्ताव को स्वीकार कर अपनी सहमति दे दी थी व इस पर अमलीजामा पहनाते हुए केंद्रीय मंत्री से संपर्क कर केंद्र की स्वीकृति प्राप्त कर ही ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *