• Thu. Sep 3rd, 2026

हांसी में जिम संचालक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

हांसी में जिम संचालक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदातहांसी में जिम संचालक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

हांसी, 11 जून। हरियाणा के हांसी शहर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में जिम संचालक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब जिम संचालक अपने प्रशिक्षुओं को वार्म-अप करवा रहा था। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें एक हमलावर महज 5 सेकंड के भीतर करीब 10 राउंड फायर करता दिखाई दे रहा है।

मृतक की पहचान कपिल (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जींद जिले के डालमवाला गांव का निवासी था और वर्तमान में हांसी के शांति निकेतन क्षेत्र में रह रहा था। कपिल पिछले तीन वर्षों से हांसी में RED Gym का संचालन कर रहा था।

वार्म-अप के दौरान बरसाईं गोलियां

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 5:25 बजे कपिल फव्वारा चौक के पास अपने जिम के प्रशिक्षुओं को वार्म-अप करवा रहा था। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना हुआ था जबकि पीछे बैठे युवक ने सफेद टोपी और चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक रुकते ही पीछे बैठे हमलावर ने उतरकर कपिल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर ने बेहद नजदीक से कपिल के सिर और पीठ को निशाना बनाया। गोली लगते ही कपिल जमीन पर गिर पड़ा।

युवती भी हुई घायल

फायरिंग के दौरान वहां मौजूद शिखा नामक युवती भी घायल हो गई। बताया जा रहा है कि गोली का एक छर्रा उसकी बाजू में लगा। घायल युवती को उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे। गोलीबारी के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियां जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए।

हमलावरों के भागने के बाद प्रशिक्षुओं ने घायल कपिल को संभाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक साल पहले की थी इंटरकास्ट लव मैरिज

पुलिस जांच में सामने आया है कि कपिल ने करीब एक वर्ष पहले इंटरकास्ट लव मैरिज की थी। कपिल जाट समाज से संबंध रखता था, जबकि उसकी पत्नी जांगड़ा समाज से है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि विवाह के बाद युवती फिलहाल अपने मायके में रह रही थी।

रेकी कर आए थे हमलावर

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। कपिल प्रतिदिन इसी स्थान पर युवाओं को वार्म-अप करवाता था और हमलावरों को उसकी दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। CCTV फुटेज में हमलावर के पास एक बैग भी दिखाई दे रहा है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह पूरी तैयारी के साथ आया था।

मौके से मिले 10 कारतूस के खोल

हांसी के डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 6 बजे घटना की सूचना मिली थी। जांच के दौरान घटनास्थल से 10 कारतूस के खोल बरामद किए गए हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।

डीएसपी के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में परिवार ने प्रेम विवाह को लेकर किसी प्रकार के विवाद से इनकार किया है। कपिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

पुलिस जांच जारी

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अपराध जांच एजेंसी (CIA) और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *