• Thu. Sep 3rd, 2026

हरियाणा विधानसभा बजट सत्र :पांचवे दिन उठा नफे सिंह राठे हत्याकांड मामला ,कांग्रेस ने पेश किया काम रोको प्रस्ताव

हरियाणा। हरियाणा विधानसभा बजट सत्र का आज पांचवे दिन है। सदन में सबसे पहले सीएम मनोहर लाल खट्‌टर ने पूर्व विधायक और इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की मौत पर शोक प्रकट किया। इस दौरान सदन में सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।इसके बाद कांग्रेस ने नफे सिंह राठी की हत्या को लेकर सदन में काम रोको प्रस्ताव लाने का ऐलान किया। कांग्रेस ने कहा कि राठी की हत्या की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज या CBI से कराई जाए। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे। विधानसभा में विपक्षी दल नेता भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा और इनेलो के प्रधान महासचिव ने राठी हत्याकांड पर सरकार से जवाब मांगा है।

कांग्रेस का काम रोको प्रस्ताव मंजूर
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि हरियाणा में यह पहला राजनीतिक मर्डर है। पूर्व विधायक की हत्या एक जघन्य अपराध है। कांग्रेस की ओर से सदन में काम रोको प्रस्ताव दिया गया, जिसको स्वीकार कर लिया गया। सदन में सत्ता पक्ष के साथ ही विपक्ष के नेता राठी मर्डर पर चर्चा कर रहे हैं।एनआईटी विधायक नीरज शर्मा ने इस पर चर्चा करते हुए केस की सीबीआई जांच से मांग कराए जाने की मांग रखी।

 

विज बोले- हम हत्यारों को छोड़ेंगे नहीं
कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव लाने पर सदन में नफ़े सिंह राठी हत्या मामले पर गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि बहुत दुःखद घटना है। नफ़े सिंह मेरे साथ भी विधायक रहे हैं। मेरी बहुत अच्छी दोस्ती रही है उनके साथ। जब मुझे इसकी जानकारी मिली तो मैंने उसी वक़्त तमाम अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।विज ने कहा कि जो भी हत्यारा होगा उसको हम छोड़ने नहीं, जो भी कार्रवाई होगी वो करेंगे। उनके भतीजे ने जो केस दर्ज करवाया है वह पॉलिटिकल लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज कराया है।

MLA कादियान बोले-मेरे अच्छे मित्र थे राठी
​​​​​कांग्रेस MLA रघुबीर कादियान ने नफे सिंह राठी के निधन पर शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए कहा कि उनका जन्म एक गरीब किसान परिवार में हुआ। राठी ने पहलवानी में देश और प्रदेश का नाम रोशन किया।वे 2 बार बहादुरगढ़ परिषद के चेयरमैन रहे। नफे सिंह राठी की हत्या एक राजनीतिक हत्या है। हरियाणा बनने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है।इस मसले के CBI या हाई कोर्ट से जांच की जाए। राठी ने सरकार से सुरक्षा भी मांगी थी। सदन में नफे राठी को 2 मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि दी।

कांडा ने राठी हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच की मांग की
नफे सिंह राठी की हत्या पर हलोपा विधायक गोपाल कांडा ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि नफे सिंह राठी की हत्या से मैं स्तब्ध हूं। ईश्वर उनको अपने श्री चरणों में स्थान दें। ईश्वर परिवार को यह दुख सहन करने की ताकत दे। सरकार हत्याकांड के आरोपियों को जल्द पकड़े।कांडा ने भी इस घटना की उच्च स्तरीय जांच किए जाने की मांग की। उन्होंने सदन में कहा कि इस पूरे केस का दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।

भुक्कल बोलीं-व्यापारियों को मिल रही धमकियां
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि कल सीएम झज्जर में ही थे। इसके बाद इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई। नफे सिंह काफी एक्टिव रहने वाले नेता थे। हरियाणा हमेशा शांत रहता था, लेकिन अब यहां हर तरफ अशांति फैली हुई है।हरियाणा अब रहने योग्य नहीं रहा। व्यापारियों को फिरौती के लिए धमकियां दी जा रही हैं। सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है।

विधानसभा में आज ये बिल पेश होंगे
सरकार की ओर से सदन में कई बिल भी पेश किए जा सकते हैं। इनमें सबसे अहम ट्रैवल एजेंट पंजीकरण और प्राइवेट कोचिंग संस्थाओं के नियमों से जुड़े बिल हैं तो पास होने वालों में शव सम्मान और हुक्का बार पर प्रतिबंध का है।ट्रैवल एजेंट से जुड़े बिल हरियाणा ट्रैवल एजेंट का पंजीकरण और विनियमन में हर ट्रेवल एजेंट का पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।यदि कोई बिना पंजीकरण के काम करता है तो उसके लिए 2 से 7 वर्ष तक की कैद और 2 से 5 लाख रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।इसी प्रकार कोई मानव तस्करी करता है या नियमों के खिलाफ किसी को बाहर भेजता है तो 3 से 10 वर्ष तक कैद और 2 लाख रुपए जुर्माने तक का प्रावधान तय किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *