• Thu. Sep 3rd, 2026

हरियाणा सरकार इस राज्य में पर्यटन पर करेगी फोकस ,बजट सत्र में लिया अहम फैसला

चंडीगढ़। हरियाणा में आज से विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है। इस दौरान राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने अपने अभिभाषण में कहा कि हरियाणा सरकार आने वाले समय में राज्य की विरासत, संस्कृति और पर्यटन को प्रोत्साहित करने पर पूरा फोकस रहेगा। पर्यटन को बढ़ावा देने वाली पहले से चल रही परियोजनाओं को जहां समय से पूरा करने का लक्ष्य सरकार ने निर्धारित किया है, वहीं पर्यटन और संस्कृति को बढ़ाने वाली नई परियोजनाओं को संचालित किया जाएगा।

कुरुक्षेत्र को प्रमुख पर्यटन के रूप में विकसित करने की योजना
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन अपने अभिभाषण में राज्य के पर्यटन व संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाली परियोजनाओं की जानकारी दी। प्रदेश सरकार भगवान श्रीकृष्ण की धरती कुरुक्षेत्र को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करेगी। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा इसके लिए 97.34 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से 77.87 करोड़ रुपये क राशि सरकार को मिल चुकी है।

240 करोड़ के आधुनिक अनुभव केंद्र का किया लोकार्पण
ज्योतिसर तीर्थ में 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में 240 करोड़ रुपये की लागत से एक अति आधुनिक अनुभव केंद्र का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेवाड़ी में लोकार्पण किया है। इससे महाभारत के दृश्यों को आधुनिक मल्टी मीडिया प्रणाली से दर्शाया गया है।हैरिटेज सर्किट रेवाड़ी-महेंद्रगढ़-माधोगढ़-नारनौल के अंतर्गत 29.61 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं पर कार्य शुरू हो चुका है। पंचकूला में नाडा साहिब गुरुद्वारा तथा श्रीमाता मनसा देवी मंदिर के विकास हेतु केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा 47 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं पर काम में तेजी लाई जाएगी।

22 एकड़ में तैयार हो रहा शहीद स्मारक
झज्जर में स्वामी ओमानंद सरस्वती संग्रहालय की स्थापना की एक परियोजना पर सरकार काम कर रही है, जबकि हिसार के राखीगढ़ी में छह एकड़ भूमि पर संग्रहालय एवं विवेचना केंद्रों का निर्माण कार्य जारी है। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के सम्मान में अंबाला छावनी में 22 एकड़ क्षेत्र में शहीद स्मारक का निर्माण कार्य जल्दी ही पूरा होने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *