चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित 42वें अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में शिरकत की।ट्रेड फेयर में हरियाणा पवेलियन में प्रदेश की संस्कृति के साथ औद्योगिक उन्नति और विकास की मनोरम तस्वीर प्रस्तुत की गई है। राज्यपाल के आगमन पर वनचारी की नृत्य पार्टी ने ढोल – नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया और हरियाणा की शान मानी जाने वाले पगड़ी भी पहनाई गई। इस दौरान उन्होंने इस पवेलियन में लगाए गए सभी स्टॉल्स को देखा और स्टॉल संचालकों से बात भी की। इस बार व्यापार मेला में बनाए गए हरियाणा पवेलियन में लगभग 50 स्टॉल लगाए गए और मंडप को ऐसे ढंग से आकार दिया गया था जिससे आने वालो को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के साथ प्रदेश की उन्नति और व्यापारिक गतिविधियों के दर्शन हों। इस मौके पर ट्रेड फेयर अथॉरिटी हरियाणा की मुख्य प्रशासक डॉ. जी. अनुपमा, महाप्रबंधक अनिल चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
दरअसल हरियाणा के राज्यपाल ने रविवार देर शाम दिल्ली के प्रगति मैदान में हरियाणा पवेलियन का अवलोकन करने बाद मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत की। मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा पवेलियन को बहुत ही अद्भुत तरीके से प्रदर्शित किया गया है। इसमें परंपरा, ग्रामीण परिवेश के साथ – साथ आधुनिक तकनीक का संगम हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सूचना प्रौद्योगिकी, इलैक्ट्रोनिक्स, ऑटो मोबाइल इत्यादि उद्योगों में आगे बढ़ रहा है और हरियाणा राज्य आज उत्तर भारत का औद्योगिक सेंटर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य का गुरूग्राम नगर में औद्योगिक और आईटी के क्षेत्र में उभर कर सामने आया है और आज हमारा एक्सपोर्ट लगभग 1.20 लाख करोड़ रूपए से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के पानीपत, सोनीपत, हिसार और फरीदाबाद में ग्रामीण उद्योग को काफी बढ़ावा मिल रहा है और किसान, व्यवसायी राज्य के विकास में अपना पूरा योगदान दे रहे हैं।
इस दौरान राज्यपाल ने वर्तमान हरियाणा सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार आईटी के क्षेत्र को आगे बढ़ा रही और इसी कड़ी में ई-गर्वनेंस के माध्यम से विभिन्न योजनाओं व नीतियों के जरिये आम लोगों को सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ई – गर्वनेंस के क्रियान्वयन से पारदर्शिता आई है और लोगों को जल्द व सुलभ तरीके से योजनाओं का लाभ मिल रहा है, और इससे भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगी है। बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि आज विकास की दृष्टि से राज्य में स्वच्छ व भयमुक्त वातावरण है और छोटे-छोटे कुटीर उद्योगों को भी आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध हो रहे हैं और राज्य के सभी क्षेत्रों में प्रगति हो रही है। हरियाणा संस्कृति, खेल, तकनीक, उद्योग अर्थात सभी क्षेत्रों को आगे बढ़ाया जा रहा है और राज्य विकास के मार्ग पर अग्रसर है।