हिसार, 4 सितंबर। हरियाणा में शुक्रवार को हुई बारिश ने कई शहरों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। गुरुग्राम और अंबाला समेत प्रदेश के सात जिलों में बारिश दर्ज की गई। गुरुग्राम में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि नेशनल हाईवे-48 पर करीब डेढ़ घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। अंबाला में भी सड़कों और अंडरपास में पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुग्राम में एक घंटे में 36 एमएम बारिश
गुरुग्राम में शाम करीब चार से पांच बजे के बीच एक घंटे में 36 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके बाद सेक्टर-15, सेक्टर-22, सेक्टर-31 और मानेसर सेक्टर-5 समेत कई इलाकों में पानी भर गया। गुरुग्राम से सटे यशोभूमि मेट्रो स्टेशन पर भी बारिश का पानी प्लेटफॉर्म तक पहुंच गया।
वार्ड-14 में जलभराव की समस्या के दौरान ड्यूटी से कथित तौर पर अनुपस्थित रहने और फोन बंद होने की शिकायत के बाद नगर निगम ने कार्रवाई की। निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने जेई मनोज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
NH-48 पर 5 किलोमीटर लंबा जाम
बारिश के बाद देर शाम नेशनल हाईवे-48 पर दिल्ली के धौलाकुआं से गुरुग्राम तक यातायात प्रभावित हुआ। गुरुग्राम क्षेत्र में करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा, जो लगभग डेढ़ घंटे तक चला।
स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्ट किया। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को इफको चौक से यू-टर्न लेकर एमजी रोड के रास्ते दिल्ली भेजा गया। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों को द्वारका एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा गया। यातायात सामान्य होने के बाद पुलिस ने रूट डायवर्जन हटा दिया।
अंबाला में अंडरपास में फंसे वाहन
अंबाला में भी बारिश के बाद कई इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। रेलवे स्टेशन के पास स्थित अंडरपास में कई फीट पानी जमा होने से कई वाहन पानी में फंस गए और बंद हो गए।
गुरुग्राम और अंबाला के अलावा रोहतक, रेवाड़ी, नूंह और फरीदाबाद में भी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
#HaryanaRain #GurugramRain #GurugramWaterlogging #NH48 #AmbalaRain #HaryanaNews #GurugramNews #Rohtak #Faridabad #Rewari
