हरियाणा में अगले चार दिन मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग केंद्र चंडीगढ़ (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 3 जुलाई से 6 जुलाई तक राज्य में बारिश की संभावना बनी हुई है। गुरुवार को अंबाला, यमुनानगर और करनाल में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंचकूला और कुरुक्षेत्र में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा 14 जिलों—कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल, मेवात और फरीदाबाद—में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। महेंद्रगढ़ में सुबह हल्की बारिश भी दर्ज की गई, और बादल छाए हुए हैं।
बदलते मौसम की वजह
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विभाग प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं और राजस्थान पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अरब सागर से भी नमी युक्त हवाएं हरियाणा की ओर बढ़ रही हैं। इससे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है और 5 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील रह सकता है।
अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश
इस बार मानसून की एंट्री सामान्य से 5 दिन पहले हो गई, जिसके चलते अब तक प्रदेश में औसतन 85.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य 60.7 मिमी से काफी ज्यादा है।
तापमान में तेजी से बदलाव
बुधवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अंबाला में सबसे ज्यादा 5.3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई, जिससे वहां का तापमान 37.2 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां का तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
पंजाब-हिमाचल का हाल
पंजाब में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में मध्यम बारिश की संभावना है। बीते सोमवार-मंगलवार को हिमाचल में बादल फटने से 11 लोगों की मौत हो चुकी है और 34 लोग लापता हैं। राज्य में 168 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और 150 से अधिक गांवों का संपर्क टूट गया है।
-
Haryana Weather Alert, Rainfall in Haryana, IMD Forecast Haryana,Monsoon 2025,Haryana Rain Update